भोपाल. टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित किए जा रहे भोपाल उत्सव मेला में शनिवार को पहुंचे लोग ठहाके लगाने को मजबूर हो गए। मौका था लाफ्टर शो के आयोजन का। इसमें हास्य कलाकारों ने दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोट-पोट कर दिया।
सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद लाफ्टर चैंपियनों ने अपना कमाल दिखाना शुरू किया। राजीव निगम, सुनील सांवरा, सीमा मोटवानी, उदय दाहिया, संजय गायकवाड़ व संतोष चौहान ने लोगों को पेट पकड़ कर हंसने पर मजबूर कर दिया।
हास्य-व्यंग्य की फुलझड़ियों के बीच-बीच में स्थानीय गायक अशफाक व प्रिया ने श्रोताओं को सदाबहार नगमे सुनाए। कार्यक्रम में मेला समिति की ओर से सभी कलाकारों का स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में समिति के महामंत्री विमलचंद्र भंडारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
समापन आज: भोपाल उत्सव मेला का समापन रविवार को होगा। समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र अग्रवाल सहित समिति के सदस्यों ने सहयोग के लिए पुलिस, नगर निगम सहित अन्य विभागों को धन्यवाद दिया है।