भोपाल. राजधानी में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात चोरों के हवाले रही। पुलिस की रात्रि गश्त को धता बताते हुए चोरों ने चार इमली में वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मकान समेत एक दर्जन से ज्यादा स्थानों के ताले तोड़कर नगदी समेत हजारों रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। यह स्थिति तब है, जब शहर में दो सीएसपी और छह थाना प्रभारियों समेत चीता, चार्ली व चेतक रात्रि गश्त पर रहते हैं।
हबीबगंज पुलिस के मुताबिक चार इमली निवासी प्रनेश तिवारी अतिरिक्त वन संरक्षक हैं। श्री तिवारी अपने परिवार के साथ दो दिन पहले गुजरात गए हैं। इसका फायदा उठाते हुए चोरों ने मंत्री, आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की सबसे सुरक्षित कालोनी चार इमली में श्री तिवारी के सूने मकान का ताला तोड़कर वहां से लेपटाप तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना की शिकायत श्री तिवारी की परिचित रमेश तोलानी ने हबीबगंज पुलिस को दी। पुलिस ने श्री तोलानी की शिकायत पर चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।
कहां-कहां हुई चोरी
मंगलवारा : अल्पना तिराहा स्थित राजश्री होटल के ऊपर बनी आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़कर चोर नगदी समेत हजारों रुपए का सामान चोरी करके ले गए। जिन दुकानों के ताले टूटे हैं, उनमें विशाल सेंटर, सांई इंटरप्राइजेज, देव मार्केटिंग, अमर लॉ चेम्बर तथा अन्य हैं।
तलैया : पातरा परी घाट निवासी युसुफ अली के घर में घुसे चोर 35 हजार नगदी और लगभग दस हजार रुपए के जेवर चोरी कर ले गए।
तलैया : गिन्नौरी रोड तलैया निवासी अजय श्रीवास्तव का 35 सौ रुपए कीमत का सीडी प्लेयर चोरी।
शाहजहांनाबाद : मजदूर नगर स्थित शारदा मंदिर से पंद्रह हजार रुपए कीमत के मुकुट, छत्र, घंटे, पूजा का समान चोरी।
शाहजहांनाबाद : कसेरापुरा निवासी हरीश साहू की आटा चक्की से नगदी आठ हजार रुपए चोरी।
पिपलानी : नवबहार कालोनी निवासी छोटेलाल सोनी की आठ हजार रुपए की सेंट्रिंग गायब।
एमपी नगर : शिवाजी नगर एफ टाइप क्वार्टर निवासी राकेश कुमार की कार से बैटरी चोरी।
जहांगरीबाद : लोक निर्माण विभाग, सतपुड़ा से अनुराग सक्सेना का लेपटाप चोरी।
वृद्ध से पर्स छीना
कोलार तिराहे पर शुक्रवार की रात दो युवक एक बुजुर्ग से पर्स छीनकर ले गए। पर्स में तीन हजार रुपए तथा चेक बुक थी। इधर, कमला नगर पुलिस ने एक महिला के गले से सोने की चेन गायब होने के मामले में चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।
हबीबगंज पुलिस के मुताबिक फारेस्ट कालोनी निवासी देवराज शर्मा (80) शुक्रवार की रात सर्वधर्म कालोनी पैदल घर आ रहे थे। जब कोलार तिराहे के पास पहुंचे, तो दो युवक उनका पर्स छीनकर ले गए। पर्स में तीन हजार रुपए तथा चेक बुक थी। श्री शर्मा के बेटे हाईकोर्ट के वकील हैं। पुलिस ने श्री शर्मा की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज किया है।
चेन गायब: इधर, कोटरा सुल्तानाबाद निवासी विजय सप्रे प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। एक हफ्ते पहले उनकी मां मणिक सप्रे रूट नंबर तेरह की मिनी बस से भीम कुंज अपने बेटे के घर जा रहीं थी। एमएएनआईटी तिराहे से चूना भट्टी के बीच उनके गले से सोने की चेन गायब हो गई। चेन गायब होने का पता उन्हें घर पहुंचने पर लगा।
उन्होंने इसकी कमला नगर थाने में शिकायत की थी। शुक्रवार रात पुलिस ने जांच के बाद चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। श्रीमती सप्रे ने आशंका जाहिर की है कि पीछे की सीट पर बैठी एक महिला द्वारा चेन गायब की गई है।