अजमेर. पुष्कर सरोवर के संरक्षण के लिए 50 करोड़ रुपए की कार्य योजना तैयार की गई है। राष्ट्रीय झील संरक्षण योजना के प्रस्तावों पर 6 फरवरी को नई दिल्ली में होने वाली बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है। कार्य योजना की समीक्षा के लिए पुष्कर में आयोजित बैठक में संभागीय आयुक्त दीपक उप्रेती ने बताया कि केंद्र की मंजूरी मिलने पर सरोवर के सौंदर्यन और जल संग्रहण के काम जल्द शुरू कर दिए जाएंगे।
बैठक में राजस्थान धरोहर संरक्षण प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत ने कहा कि 6 फरवरी को दिल्ली में आयोजित बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की स्थिति में निर्धारित समय सीमा में काम पूरे कराने की जिम्मेदारी भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को लेनी होगी।
पुष्कर विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने कहा कि प्रस्ताव तैयार करने में पहले ही बहुत विलंब हो चुका है, सरकार दो बार प्रस्ताव लौटा चुकी है। अधिकारियों ने प्रस्ताव पुख्ता तैयार किए होते तो अब तक काम शुरू हो सकता था। कलेक्टर नवीन महाजन ने भरोसा दिलाया कि काम निश्चित अवधि में ही पूरे कराए जाएंगे।
जल संग्रहण पर 30 करोड़
कलेक्टर नवीन महाजन ने बताया कि सरोवर में जल संग्रहण पर 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरोवर में वर्षा जल लाने के लिए भूमि अधिग्रहित कर फीडर बनाए जाएंगे।
रुकेगा मिट्टी का कटाव
बैठ में बताया गया कि मिट्टी का कटाव रोकने के लिए सरोवर के आसपास जंगल विकसित किया जाएगा। इससे सरोवर में बरसात के पानी के साथ रेत नहीं आ सकेगी। वन संरक्षण के भी प्रबंध होंगे।
खुदाई और सफाई..
पुष्कर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मेघना चौधरी ने बताया कि योजना के तहत सरोवर की खुदाई और सफाई भी कराई जाएगी।
..ताकि नहीं हों अतिक्रमण
जानवरों का प्रवेश और अतिक्रमण रोकने के लिए सरोवर के आसपास की जमीन पर तारबंदी भी कराई जाएगी।