अजमेर.
पुष्कर में अरसे से टिका कनाडा का पर्यटक आंद्रे पासपोर्ट नियमों का उल्लघंन कर रहा है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। इस बात की पुष्टि सीआइडी और पुलिस जांच में हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस गृह विभाग को आंद्रे को ब्लैकलिस्टेड करने की सिफारिश भेजेगी। पहले भी पुलिस उसे पासपोर्ट नियमों के उल्लंघन केमामले में दोषी ठहरा चुकी है। मालूम हो कि आंद्रे फ्रांस की युवती से ज्यादती के मामले में चश्मदीद गवाह भी है।
पुलिस के अनुसार लंबे समय से पुष्कर में मौजूदगी और संदिग्ध गतिविधियों के मद्देनजर आंद्रे को सीआइडी और पुलिस ने जांच के घेरे में लिया था। सीआइडी एएसपी एवं विदेशी नागरिक पंजीयन अधिकारी एएसपी गजानंद वर्मा ने बताया कि जांच में आंद्रे की संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हुई है।
पुष्कर के ग्रामीण इलाके में वह ठहरा हुआ है, क्षेत्राधिकार जिला पुलिस का होने के कारण पुलिस ने जांच की। पुष्कर नगर पालिका क्षेत्र में आंद्रे होटल हिल-व्यू में ठहरता था। इस दौरान की गतिविधियों की सीआइडी ने जांच की है। नशे की लत के शिकार देशी-विदेशी लोगों से उसका मेलजोल रहता था। वह बच्चों और युवाओं में उसकी दिलचस्पी थी। स्थानीय मुद्दे और समस्याओं के मामले में भी उसका दखल था।
इधर, जिला पुलिस की विशेष शाखा के सीआइ सुरेन्द्र भाटी ने बताया कि आंद्रे की गतिविधियों के बारे में पूर्व में भी जांच की गई थी। राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय मसलों में उसकी लिप्तता की पुष्टि हुई थी, इस आधार पर उसे पासपोर्ट नियमों के उल्लंघन का दोषी करार दिया गया था।
जिला पुलिस ने तब भी रिपोर्ट गृह विभाग को भेजकर आंद्रे के निष्कासन की सिफारिश की थी। फ्रांस की युवती से ज्यादती के प्रकरण के बाद आंद्रे के बारे में नए सिरे से जांच की गई है।
ज्यादती के मामले में जांच अटकी
फ्रांस की युवती से ज्यादती के मामले में तफ्तीश पूरी नहीं हो पाई है। पीड़िता के कोर्ट में बयान और मेडिकल जांच बाकी है। पुष्कर थाना प्रभारी हनुमानराम ने बताया कि पीड़िता जयपुर में मानसिक रोग अस्पताल में उपचाररत है। उसे छुट्टी मिलने के बाद ही जांच आगे बढ़ेगी। ज्यादती का आरोपी होटल मालिक नानूसिंह रावत जेल में है।
तफ्तीश
पुलिस और सीआइडी ने कनाडा के पर्यटक की गतिविधियों को संदिग्ध माना। ब्लैकलिस्टेड करने के लिए दोबारा भेजी जाएगी गृह विभाग को रिपोर्ट।