मालवा-निमाड़ अंचल.
पल में तोला, पल में माशा.. ठंड भी अबकी उद्दंड हो गई या यूं कहें फितरती हो गई है। सुबह सिहरन, दिन चढ़ते ही तपिश का अहसास और रात होते-होते ठिठुरन। सारे अंदाजों को ध्वस्त करती हुई सर्दी का नया चेहरा लोगों को डरा रहा है तो मौसम वैज्ञानिकों के लिए चिंता का सबब।
देश में जैसे हर दस किलोमीटर पर बोलियां बदल जाती हैं वैसे ही अब सर्दी की ‘सेहत’ बदल रही है। गर्मी के लिए ख्यात निमाड़ में जहां कड़ाके की ठंड है तो समशीतोष्ण मुंबई में स्वेटर निकल आए..।
खंडवा में 0.2 डिग्री
अंचल में ठंड कहर बरपा रही है। खंडवा में शुक्रवार रात पारा जमाव बिंदु के एकदम नजदीक 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। निमाड़ में ठंड का यह एक रिकॉर्ड है। इससे भी बढ़कर यह कि शनिवार दिन में पारा 27.5 डिग्री रहा। दोपहर 12 बजे बाद गर्मी लगने लगी और लोगों को स्वेटर उतारना पड़े।
तापमापी को लेकर अलग-अलग बयान
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. डी.पी. दुबे का कहना है खंडवा में रिकार्ड तापमान (0.2 डिग्री ) संदेहास्पद है क्योंकि प्रदेश में जहां हर जिले में तापमान में उछाल आया है। अभी हवाएं पूर्वी दिशा से आ रही है और नमी के कारण आने वाले दिनों में पारा और चढ़ेगा।
हो सकता है वहां का तापमापी खराब हो। इससे पहले बड़वानी में गर्मी का आंकड़ा जब 50 डिग्री सेल्सियस को छू रहा था उस समय भी डॉ. दुबे का कहना था तापमापी खराब है। हालांकि तापमापी केंद्र खंडवा के कर्मचारी पी.सी. गुप्ता का कहना है तापमापी सही है।
इंदौर में पारा 6.6
इधर शनिवार को इंदौर का पारा फिर चढ़ गया। रात में तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि दिन का तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
..और दुनियाभर में ठिठुरन
अफ्रीका और चीन में शनिवार को 50 सालों में ठंड का रिकॉर्ड टूटा, हिमपात के कारण परिवहन व्यवस्था ठप। चीन में पारा शून्य से 43 डिग्री नीचे चला गया।
अमेरिका के सेंट लुई में पारा 28 डिग्री था जो रात तक गिरकर 0 से नीचे चला गया।
जॉर्डन और फलिस्तिन में सड़कें बर्फ से पट गईं, स्कूलों में छुट्टियां, घर में कैद हुए लोग
जॉर्डन की राजधानी अम्मान में में 20-30 सेमी मोटाई की बर्फ परत जम गई।
लेबनान में बर्फ से सड़कें जाम, अधिकांश लोगों ने जिंदगी में पहली बार इस तरह का नजारा देखा।
सर्दी के तेवर
खंडवा 27.5 0.2
उज्जैन 26.5 1.5
खरगोन 28.0 4.5
धार 23.6 4.5
देवास 24.0 6.8
(डिग्री सेल्सियस)
तापमान में अत्यधिक अंतर
इस साल अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी काफी अंतर देखा जा रहा है। पास के जिलों में भी यह अंतर ज्यादा है। खंडवा में शुक्रवार रात सबसे ठंडी रही जबकि शनिवार दोपहर पसीना छूट गया। यहां से 70 किमी दूर बुरहानपुर में रात का पारा 6 व दिन का 24.6 डिग्री रहा। खंडवा से 80 किमी दूर खरगोन में तो शनिवार दोपहर अंचल में सबसे गर्म (28 डिग्री) रही। रात का तापमान भी 4.5 दर्ज किया गया।
खंडवा से 180 किमी दूर बड़वानी में रात का पारा 25.2 व दिन का 5 डिग्री रहा। खंडवा से 190 किमी दूर धार में अधिकतम तापमान बेहद कम 23.6 डिग्री रहा। खंडवा से 270 किलोमीटर दूर झाबुआ में रात का पारा 6 व दिन में 26 डिग्री रहा।