कोटा. संभागभर में मौसम का मिजाज बदलता रहा। सूर्योदय के बाद से ही तेज धूप ने गर्मी का हल्का अहसास कराया तो शाम होते-होते मौसम ने पलटा खाया। आकाश में कहीं-कहीं बादल छाए और ठंडी हवा ने सर्दी का अहसास कराया। शाम से लेकर रात तक शहर में अलग-अलग जगह बूंदाबांदी होती रही। शनिवार को कोटा में अधिकतम तापमान 22.9 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले दिनों तापमान में गिरावट से कई दिनों तक लोगों को सर्दी ने जकड़े रखा, लेकिन अब तापमान काफी बढ़ गया है। कोटा में सुबह से दोपहर तक शांत मौसम में तेज धूप का असर रहा। शाम को बादलों के साथ ठंडी हवा ने सर्दी के असर को बनाए रखा। संभाग के दूसरे जिलों में भी मौसम लगभग एक जैसा बना रहा। ग्रामीण इलाकों में खेतों में फसलों के कारण शाम को ठंड अधिक रही।
तीन दिन का तापमान
शुक्रवार को अधिकतम 21.4 और न्यूनतम 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को अधिकतम 21.4 और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस और बुधवार को अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।