कोटा. दैनिक भास्कर समूह का बहुप्रतीक्षित रेडियो स्टेशन ‘94.3 माय एफएम दिल से’ शनिवार दोपहर 1:30 बजे कोटा में जैसे ही लांच हुआ, वैसे ही श्रोता म्यूजिक की मस्ती में झूम उठे। दोपहर एक बजे से माय एफएम स्टूडियो में जिंगल बजना शुरू हुआ। इसके ठीक 30 मिनट बाद स्टूडियो से रेडियो जॉकी निशांत ने सबसे पहले कोटा को सलाम किया और उसके साथ ही शहर में म्यूजिक की बहार छा गई।
इससे पूर्व भास्कर समूह के निदेशक पवन अग्रवाल ने गुमानपुरा-कोटड़ी रोड स्थित माय एफएम स्टूडियो में सुबह 8 बजे हवन और पूजा-अर्चना की। माय एफएम के बिजनेस हेड हरीश भाटिया व राजस्थान के रीजनल हेड रजनीश सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
दिल से जुड़ गया राजस्थान
कोटा में राष्ट्रीय स्तर पर भास्कर समूह का यह 16वां और राजस्थान का 5वां रेडियो स्टेशन है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर के बाद कोटा में भी इसके शुरू होने से अब राजस्थान में माय एफएम का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है।
राजस्थान के अलावा 94.3 माय एफएम हरियाणा में चंडीगढ़, पंजाब में जालंधर व अमृतसर से, गुजरात में अहमदाबाद व सूरत, महाराष्ट्र में नागपुर, मप्र में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और छत्तीसगढ़ में बिलासपुर ,रायपुर से संचालित हो रहे हैं। जबलपुर में लांच के बाद भास्कर समूह का 7 राज्यों के 17 शहरों से माय एफएम प्रसारण का सपना साकार होगा।
..और शुरू हुआ फरमाइशों का दौर
शहर में 94.3 माय एफएम की दीवानगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रात तक फोन कॉल्स पर बधाई और फरमाइशों का दौर चलता रहा।
मनोरंजन के नए युग की शुरुआत
नमस्कार, मैं इज्जेराजसिंह आप सभी कोटावासियों को ‘माय एफएम दिल से’ की लांचिंग पर हार्दिक बधाई देता हूं। आप सभी अमन-चैन और प्यार-मोहब्बत बनाए रखें। लेट्स एंजॉय योर लाइफ.’ माय एफएम लांचिंग की शुरुआत कुछ खास अंदाज में हुई। संसदीय सचिव ओम बिरला ने 94.3 माय एफएम के आगमन को कोटा के लिए सुखद अध्याय की शुरुआत बताया।
उन्होंने सभी श्रोताओं को बधाई दी। संसदीय सचिव भवानीसिंह राजावत ने इसे कोटा के लिए बेहतरीन तोहफा बताते हुए कहा कि भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी में माय एफएम दिल को सुकून देगा। पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने कोटा के लोगों को दिल से बधाई देते हुए कहा कि मनोरंजन की इस नई शुरुआत से जिंदगी संगीतमय हो जाएगी।