bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

ऑक्शन बिना आधे दाम पर दी 2000 वर्ग फीट जमीन

चंडीगढ़. 2000 स्कवेयर फीट जमीन चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डवलपमेंट कॉपरेरेशन (सिटको) ने रिलायंस को मार्केट रेट से आधे दाम पर दे दी, वह भी बगैर ऑक्शन। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में यह जमीन फिलहाल एक साल के लिए लीज पर इस दलील के साथ दी गई है कि यह काफी समय से खाली पड़ी थी और किसी भी कंपनी ने इसे लीज पर लेने का ऑफर नहीं दिया। इस समय मार्केट में ऐसी जमीनों का सालाना किराया लाखों रुपए है।

इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की यह जमीन सिटको के सेल डिपो के अंडर आती है। इस जगह का इस्तेमाल फिलहाल स्क्रैप रखने के लिए किया जा रहा है। पिछले कई साल से इस जगह का बड़ा हिस्सा खाली पड़ा है। इसके चलते ही सिटको ने इस जगह को लीज पर देने का मन बनाया था, ताकि इस खाली पड़ी जगह से आर्थिक लाभ अर्जित किया जा सके।

रिलायंस यहां पर प्लास्टिक प्रोडक्ट मैटीरियल का गोदाम बनाना चाहता है। इसके तहत करीब 1750 स्कवेयर फीट को गोदाम के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा जबकि 250 स्कवेयर फीट पर उनका ऑफिस बनेगा।

इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। रिलायंस जल्द ही यहां पर अपना काम चालू कर देगी। हालांकि अधिकारी रिलायंस को फायदा पहुंचाने की बात को नकारते हैं। उनका कहना है कि रिलायंस को जगह लीज पर देने की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है।

सेल डिपो की प्रपोजल कर दी दरकिनार
सेल डिपो ने मार्केट रेट के मुताबिक इस जगह का करीब 30 रुपए प्रति स्कवेयर फीट महीना रेंट के तौर पर वसूलने का प्रोपजल तैयार किया था। सेल डिपो ने सिटको के अधिकारियों को इस रेट पर जमीन आसानी से लीज पर दिए जाने की बात भी कही थी। बावजूद इसके सिटको के अधिकारियों ने बगैर ऑक्शन रिलायंस को यह जमीन 16 रुपए 50 पैसे प्रति स्कवेयर फीट महीने पर अलॉट कर दी।

>> यह जगह पिछले काफी समय से खाली पड़ी थी। किसी भी कंपनी ने इसे लीज पर लेने का ऑफर नहीं दिया। रिलायंस हमारा पार्टनर है इसलिए जब उन्होंने इस जगह को लेने का प्रोपजल रखा तो हमने उन्हें यह जगह दे दी। इसके बावजूद अगर मार्केट में ज्यादा रेट मिल रहा है तो इसे रिव्यू किया जाएगा। अगर कोई कंपनी ज्यादा रेट देगी तो यह जगह उसे दे दी जाएगी।
जसबीर सिंह बीर, एमडी, सिटको





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: