News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. चंडीगढ़ प्रशासन ने हाईकोर्ट में वकीलों के चेंबर्स और पार्किग की समस्या को दूर करने के लिए मल्टीस्टोरी बिल्डिंग और 4 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि मंजूर कर दी है। इस पर काम मार्च में शुरू होने की संभावना है। यह बिल्डिंग पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट एडवोकेट जनरल कार्यालय के सामने बनेगी।
इस बिल्डिंग के निर्माण के फैसले को 29 जनवरी को हुई हाईकोर्ट बिल्डिंग कमेटी और चंडीगढ़ प्रशासन की मीटिंग में अंतिम रूप दे दिया गया। मीटिंग में बार एसोसिएशन की ओर से सेक्रेटरी ओंकार सिंह बटालवी भी मौजूद थे।
पुरानी बिल्डिंग तोड़ बनाएंगे नई बिल्डिंग
नई बिल्डिंग पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट एडवोकेट जनरल कार्यालय के सामने स्थित बिल्डिंग को तोड़ कर बनाई जाएगी। पुरानी बिल्डिंग में इस वक्त टाईपिस्ट, कैंटीन, हाईकोर्ट की प्रसिद्ध बिंदू की मिठाई की दुकान और आईटीबीपी का सिक्योरिटी रूम है। इन सभी को तोड़ दिया जाएगा।
अभी पार्किग है प्रॉब्लम
हाईकोर्ट में लगभग 5000 वकील ऑन रोल हैं, जिनमें से लगभग 1700 एडवोकेट रेगुलर तौर पर आते हैं। इसके अलावा दो राज्यों से रोजाना सैकड़ों क्लाइंट्स भी हाईकोर्ट आते हैं। इस वक्त हाईकोर्ट में सबसे बड़ी समस्या पार्किग की है।
>> इस मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के निर्माण से हाईकोर्ट को न केवल नया रूप मिलेगा बल्कि, इससे वकीलों की पार्किग और चेंबर्स की लंबे समय से चली आ रही समस्या भी दूर होगी। ऐसे काम के लिए बार, हाईकोर्ट बिल्डिंग कमेटी और चीफ जस्टिस की आभारी है।
ओंकार सिंह बटालवी, सेक्रेटरी पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन