News
Chhattisgarh
Raipur Raipur जगदलपुर.
नारायणपुर क्षेत्र के ब्रेहबेड़ा में शनिवार शाम हुए बारूदी सुरंग विस्फोट में सीआरपीएफ के एसआई समेत चार जवानों की मौत हो गई। बस्तर रेंज के आईजी आरके विज ने बताया कि सीआरपीएफ की एक टुकड़ी नारायणपुर से राशन लेकर कुरुसनार कैंप के लिए निकली थी।
ब्रेहबेड़ा कैंप के पास से गुजरते समय शाम 4.40 बजे घात लगाए नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट किया, जिसकी चपेट में आने से एसआई रोशनलाल मिंज, आरक्षक जयकुमार, बीजू कुमार और मुश्ताक अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। शहीद जवान सीआरपीएफ की 63 वीं बटालियन के थे। विस्फोट के बाद नक्सलियों ने गोलीबारी भी की। अन्य जवानों ने जवाबी कार्रवाई की तो नक्सली भाग खड़े हुए।
एक एसपीओ की हत्या, दो रिहा
नक्सलियों ने तीन दिन पहले बीजापुर से अपहृत तीन एसपीओ में से बेड़मे रामलाल की बीती रात धारदार हथियार से हत्या कर दी, जबकि अशोक मद्देड़ व हेमला रामचंद्र को रिहा कर दिया। गौरतलब है कि 30 जनवरी को बीजापुर-गंगालूर मार्ग पर भोगामगुड़ा के पास नक्सलियों ने यात्री जीप से उतार कर तीन एसपीओ सहित कुल नौ लोगों का अपहरण कर लिया था। इनमें से 6 ग्रामीणों को उसी दिन नक्सलियों ने छोड़ दिया।
अपहृत युवक की हत्या
दुगरूकोंदल.
ग्राम कोंडे से अपहृत चार युवकों में से हीरूराम जैन पिता वैपारीराम (35) की नक्सलियों ने हत्या कर दी। शुक्रवार रात सड़क पर उसकी लाश पुलिस ने बरामद की। लाश के पास भाकपा उत्तर बस्तर डिवीजन का एक पर्चा मिला है। इसमें मृतक को मुखबिर बताया गया है। पुलिस के अनुसार 29 जनवरी की रात चार युवकों को उठाकर नक्सली ले गए थे। इनमें से तीन को छोड़ दिया गया था।
पुलिस-नक्सली मुठभेड़
दंतेवाड़ा.
बोरिंग मशीन को जगरगुंडा से निकालने गई एसटीएफ, जिला पुलिस बल व एसपीओ के दल पर ग्राम मिलीयम पल्ली के निकट शनिवार को नक्सलियों ने गोलीबारी की। एक जीप के नीचे प्रेशर बम फटा, लेकिन किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। एक अन्य घटना में चिंतागुफा के पास मिजो, बमडिस्पोजल दल व नक्सलियों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक मुठभेड़ हुई।बाद में नक्सली भाग निकले।
नक्सलियों ने एक्सीवेटर व 4 ट्रैक्टर फूंके
अंबिकापुर/रामानुजगंज.
हथियारबंद नक्सलियों ने शुक्रवार रात रामानुजगंज से 12 किमी दूर ग्राम नगरा में खलिहान में खड़े एक एक्सीवेटर व 4 ट्रैक्टरों में आग लगा दी। पुलिस के अनुसार एक्सीवेटर ठेकेदार वीरेंद्र सिंह का था। आगजनी से पहले नक्सलियों ने किसान व ठेकेदार के कर्मियों को डंडे से पीटा। मारपीट से घायल 2 चालकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।