अमृतसर. थाना राम बाग पुलिस द्वारा 20 जनवरी को हुसैनपुरा चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा के मंडप से पकड़े गए दूल्हा रवि सहोता को शनिवार को पेशी के लिए अदालत लाया गया तो अपने पिया की एक झलक पाने के लिए दुल्हन मनीषा भी शादी के सुर्ख लाल जोड़े में वहां पहुंची।
जालिम जमाने की पुलिस ने दोनों प्रेमियों को फिर भी मिलने नहीं दिया, लेकिन बख्शीखाने की सलाखों के पीछे बंद दूल्हा उसे देख मंद मंद मुस्कराता रहा। इधर भी यही हाल था। मनीषा भी इशारों ही इशारों में अपने प्यार का इजहार कर रही थी। यानी कुल मिलाकर इश्क पूरे शवाब में दिखा। मनीषा के साथ उसकी ननद और ससुर भी आए थे।
मनीषा ने बताया कि वह बालिग है। उसे वह अशुभ घड़ी कभी नहीं भूलेगी जब पुलिस ने शादी के मंडप से उसके पति को उठा लिया। वह अपनी रजामंदी से रवि के साथ शादी करना चाहती है। वह पुलिस को बता चुकी है कि पहला केस वापस लेना चाहती, लेकिन पुलिस जबरदस्ती कहलवाना चाहती कि रवि ने उसके साथ बलात्कार किया है।
आरोपी काबू
जज विक्रांत कुमार की अदालत से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर शनिवार को कचहरी में आए आरोपी जरनैल सिंह को पुलिस ने काबू कर अदालत में पेश किया। वह थाना इस्लामा बाद में दर्ज किसी केस के संबंध में कचहरी आया था, जबकि थाना छेहर्टा में उसके विरुद्ध चोरी के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने आरोपी को ज्युडीशियल मजिस्ट्रेट अजायब सिंह की अदालत में पेश किया, जहां उसे 16 फरवरी तक जेल भेज दिया गया।