मुंबई. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और समाजवादी पार्टी के बीच रविवार को दादर स्थित शिवाजी पार्क में झड़प होने की खबर के बाद पता चला है कि डोंबिवली में मनसे कार्यकर्ता उत्तर भारतीय लोगों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
शिवाजी पार्क क्षेत्र में झड़प के बाद मनसे के कार्यकर्ताओं ने दुकानें जबरन बंद करवा दीं। इससे पहले इसी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के पोस्टर मनसे कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिए थे लेकिन पुलिस के तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने से हल्की-फुल्की झड़प के बाद मामला शांत हो गया। यह भी पता चला है कि दोनों पार्टियों के बीच हुए झगड़े में सपा के कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें लगी हैं।
शिवाजी पार्क के बाद डोंबिवली में भी मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा किया जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव मुंबई में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए मौजूद हैं। गौरतलब है कि शनिवार को राज ठाकरे ने लालू प्रसाद यादव की भी खिल्ली उड़ाई थी।
बताया गया है कि शनिवार को राज ठाकरे द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार के नेताओं के खिलाफ दिए गए बयान के बाद आज मुंबई में उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह पर कई नेता जुट रहे हैं। राज के कल के बयानों पर नाराजगी आज जाहिर की जा रही है। दादर के ही एक सिनेमा हॉल के सामने मनसे और सपा के कार्यकर्ता आपस में उलझ गए और एक-दूसरे पर पथराव भी किया।
सपा और अन्य पार्टियों के नेताओं की सभा और रैली के दौरान भारी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दूसरी ओर, मानखुर्द में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है क्योंकि यहां समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर हमले की आशंका है।
संबंधित खबरें
* राज ठाकरे ने उत्तर भारत के खिलाफ उगला जहर
* बिग बी पर टिप्पणी: कुंठित हैं राज