लंदन. इटली की मशहूर ऑटो कंपनी फियाट ने टाटा के साथ एक सौदेबाजी का संकेत देते हुए उम्मीद जताई है कि भारतीय उद्योग समूह टाटा अमेरिकी कंपनी फोर्ड के ग्लोबल ब्रांडों जगुआर और लैंड रोवर के टेकओवर के बाद इन ब्रांडों की तकनीक उसके साथ साझा करेगा।
ब्रिटिश मीडिया में आई खबरों के मुताबिक फियाट ने यह भी कहा है कि वह टाटा समूह की नई एक लाख रुपए की कार के यूरोप में वितरण की कोशिश कर सकता है।
बताया गया है कि फियाट ने यह बयान इसलिए दिया है ताकि वह अपने ब्रांडों अल्फा रोमियो और मासेराति के लिए जेएलआर तकनीक का इस्तेमाल कर सके। फियाट के सीईओ सर्जियो मैरशियोन के हवाले से कहा गया है कि फियाट का टाटा से गहरा संबंध रहा है इसलिए उम्मीद पूरी है कि टाटा जगुआर के रियर व्हील ड्राइव चैसिस और लैंड रोवर के फोर-व्हील ड्राइव सिस्टम संबंधी तकनीक को साझा करेगा।
मैरशियोन के हवाले से ही कहा गया है कि फियाट टाटा नैनो के यूरोप में वितरण की संभावनाएं तलाशने के लिए तैयार है। दिलचस्प बात यह है कि जब फोर्ड ने अपने दोनों लक्जरी ब्रांडों को बेचने की बात की थी तब फियाट इन्हें खरीदने की दौड़ में शामिल था लेकिन बाद में उसने बोली न लगाने का फैसला किया था।