ब्रिस्बेन. वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं जो हिट विकेट आउट हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्राई सीरीज के पहले मैच में भारत की तरफ से ओपनर वीरेंद्र सहवाग के साथ मैदान पर पहुंचे मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ब्रेट ली की एक गेंद पर बैकफुट पर गए और उनका पिछला पैर विकेट को छू गया जिससे गिल्ली गिर गई।
अपने वन डे क्रिकेट कैरियर में सचिन इस तरह से पहली बार आउट हुए हैं। उनसे पहले भारत के जो दो बल्लेबजा हिट विकेट आउट हुए हैं वे नयन मोंगिया और अनिल कुंबले हैं। मोंगिया 7 अप्रैल 1995 को शारजाह में वसीम अकरम की गेंद पर और कुंबले 8 जनवरी 2003 को वेलिंगटन में एंड्रयू एडम्स की गेंद पर इस तरह से आउट हुए थे।
सचिन के अलावा दस हजारी क्लब के दो और सदस्य इंजमाम उल हक और ब्रायन लारा अपने वनडे कैरियर के दौरान हिट विकेट आउट हो चुके हैं।