होशंगाबाद. बालाघाट के कलेक्टर गुलशन बामरा मेरी हत्या कराना चाहते हैं। वे राजनैतिक लोगों के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं। यह कहना है लांझी के सपा विधायक किशोर समरीते का। अपनी सुरक्षा के लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और राज्यपाल को भी पत्र लिखा है।
विधायक श्री समरीते रविवार को समाजवादी पार्टी की युवा बिग्रेड के कार्यक्रम में हिस्सा लेने होशंगाबाद आए थे। उन्होंने कहा कि उनका क्षेत्र नक्सली प्रभावित है। राजनैतिक लोगों के इशारों पर कलेक्टर नक्सलियों से मिलकर मेरी हत्या का षड़यंत्र रच रहे हैं। मेरा दोष केवल इतना है कि मैं आम जनता का दुख दर्द दूर कर गरीबों का हक दिलाने का प्रयास कर रहा हूं।
भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों की असलियत जनता के सामने लाता हूं। इसी बात से चिढ़ कर प्रशासनिक अधिकारी व अन्य पार्टियों के बड़े नेता खफा हैं। इन लोगों ने चाहा था कि मैं चुनाव न जीत पाऊं इसलिए मुझ पर झूठे मुकदमें दर्ज कर मुझे जेल में डाल दिया। मैंने जेल से ही चुनाव जीता है। अब ये लोग मुझे लोकसभा के लिए रोकना चहते है। हत्या की बात मैं खोखली लोकप्रियता हासिल करने के लिए नहीं बल्कि सच कह रहा हूं।
इसके लिए मैने कई सबूत जुटा रखे हैं। समय आने पर मै इनका खुलासा करुंगा। मैने राज्यपाल बलराम जाखड़ और विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी को भी अपनी बात बताई है। विधायक श्री समरीते ने कलेक्टर पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा की मुझे अब तक पीए नहीं दिया गया है। मैंने एएनएम की मांग की तो जिले में उसकी कमी बताकर मना कर दिया गया।