अजमेर. पशुपालन महकमे ने बर्ड फ्लू वायरस के शक में सीज किए अंडों के पांच नमूने रविवार को भोपाल की हाइसिक्यूरिटी एनीमल डिजीज लेबोरेट्री में जांच के लिए रवाना किए। महकमे का कंपाउंडर इन नमूनों को लेकर भोपाल गया है। अफसर ने पश्चिम बंगाल में फैले बर्ड फ्लू को देखते हुए इन अंडों की जांच जल्द करने का आग्रह किया है।
पशुपालन महकमे के संयुक्त निदेशक डॉ. रामप्रकाश नायक ने बताया कि कंपाउंडर महेंद्रसिंह को अंडों के सेंपल लेकर रवाना कर दिया गया है। इसके साथ एक पत्र लैब अधीक्षक को लिखा गया है। इसमें उल्लेख है कि पश्चिम बंगाल में फैले बर्ड फ्लू के कारण राज्य में बाहर से पोल्ट्री उत्पाद लाने पर पाबंदी है। इसके बाद भी एक विक्रेता ने राज्य के बाहर से 2 लाख 23 हजार 440 अंडे मंगवाए हैं।
इन अंडों को बर्ड फ्लू के वायरस के संदेह में सीज करवा दिया गया है। इसे देखते हुए इन अंडों की अविलंब जांच की जाए, ताकि अगर अंडों में वायरस एच 5 एन 1 हो तो सीज करवाए अंडों का तुरंत निस्तारण कराया जाए।
वायरस हुए तो नष्ट होंगे अंडे
डॉ. नायक ने कहा कि मैसेंजर सोमवार सुबह तक लैब में पहुंच जाएगा। जांच रिपोर्ट एक-दो दिन में प्राप्त होने की उम्मीद है। रिपोर्ट में वायरस एच 5 एन 1 की पुष्टि होने पर सीज कराए अंडों को नष्ट किया जाएगा। अन्यथा विक्रेता को इन्हें बाजार में बेचने की इजाजत दी जाएगी। गौरतलब है कि लाडपुरा स्थित इंदर बेदी के पोल्ट्रीफार्म पर शनिवार को हैदराबाद से आए अंडों को पशुपालन महकमे के दल ने सीज किया था।