इंदौर.
रविवार को छुट्टी के बाद भी हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इंडियन ऑइल कापरेरेशन और भारत पेट्रोलियम कंपनियों ने 20 हजार से ज्यादा टंकियां घर-घर पहुंचाईं। यह सप्लाय गैस किल्लत के मद्देनजर कलेक्टर विवेक अग्रवाल के निर्देश पर की गई।
रविवार को एजेंसियों के बुकिंग काउंटर बंद थे लेकिन जिनके पास स्टॉक था सप्लाय करते रहे। सुबह 11.30 बजे कुछ एजेंसी संचालक एडीएम रमेश भंडारी के बंगले पहुंचे और बताया हमें नेताओं, पुलिस व प्रशासन से जुड़े लोगों को अलग से गैस देना होती है। इस परेशानी को भी देखना चाहिए। श्री भंडारी ने स्पष्ट किया बगैर नंबर के किसी को गैस न दें। उन्होंने संचालकों को आड़े हाथों लेते हुए कहा तुम्हारे रिक्शा पर न एजेंसी का नाम होता है, न कर्मचारी की यूनिफॉर्म।
सात दिन में रिक्शों को कंपनी के रंग से पुतवाएं और एजेंसी का नाम लिखें। कर्मचारी की वर्दी पर नाम का बैज व परिचय पत्र हो और तौलकांटा भी रहे। उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन बनाएं और कोई परेशानी आए तो सीधे प्रशासन से संपर्क करें। कलेक्टर ने तीनों गैस कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों को सोमवार को होन वाली सभी विभागों की समयसीमा (टीएल) बैठक मे भी बुलाया है।
उधर, ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन म.प्र. क्षेत्र के अध्यक्ष सूरज कैरो का ने बताया हमने सभी संचालकों को कह दिया है वे उपभोक्ताओं की परेशानी का ध्यान रखें। यही निर्देश कर्मचारियों को भी दें।