News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मुख्यमंत्री के ग्रामीण क्षेत्रों में आने की खबर पर अधिकांश विभागों के अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में रहे। दूसरी तरफ अज्ञात चोर पनिहार थाना क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर लम्बा विद्युत चार चोरी कर ले गए। दो दिन पहले भी मोहना से तार चोरी की घटना हुई थी। तार चोरी के कारण घाटीगांव क्षेत्र के अधिकांश गांवों में अंधेरा छाया हुआ है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रविवार को ग्वालियर आने की खबर पिछले तीन दिन से अफसरों के बीच थी। इसी कारण से लगभग सभी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे थे। रविवार को भी सभी राजस्व अधिकारी अन्य विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे और शाम तक रहे। शाम तक जब मुख्यमंत्री श्री चौहान नहीं आए तो अधिकारी घर वापस आ गए।
मुख्यमंत्री के आने की खबर पर घाटीगांव पहुंचे विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की रात नौ बजे से सभी गांव अंधेरे में डूबे हैं। सप्लाई बंद होने का जब कारण देखा गया तो पता चला कि पनिहार थाना क्षेत्र के कांसेर से अज्ञात चोर दो किलोमीटर लम्बी विद्युत लाइन (तार) चोरी कर ले गए हैं।
इससे आसपास के लगभग पचास गांवों में अंधेरा हो गया। चूंकि मुख्यमंत्री के ग्रामीण क्षेत्र में आने की खबर थी, इसलिए विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने तुरन्त नए तार विछाने का काम प्रारंभ करवा दिया। रात आठ बजे तक कांसेर के जंगलों में तार डालने का काम जारी था और डीई रणवीर सिंह, एसके कपूर व बृजेश बबेले सहित अन्य मौके पर उपस्थित थे।
मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार अंधेरा अधिक होने के कारण विद्युत सप्लाई रात में प्रारंभ होना संभव नहीं है पर सोमवार को विद्युत सप्लाई प्रारंभ कर दी जाएगी। बताया जाता है कि इसी तरह से दो दिन पहले मोहना थाना क्षेत्र से भी दो किलोमीटर लम्बा तार चोर काट ले गए थे। इससे मोहना क्षेत्र के गांव रविवार तक अंधेरे में डूबे रहे। दोनों घटनाओं में लगभग एक लाख रुपए का तार चोरी हो गया है पर पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है।