News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. मंदिरहसौद से एक किमी दूर एफसीआई मोड़ पर रविवार दोपहर 12.30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को चपेट में लिया। इसके बाद ट्रक सामने से आ रही कार से जा टकराई। जबर्दस्त टक्कर से कार पर सवार ज्ञानी लहरी (50) और सेठी उर्फ फूलदास बंजारे (28) की मौके पर ही मौत हो गई। घायल जितेंद्र मिश्रा (27), राजा माहेश्वरी (26) और बाइक सवार शिवकुमार साहू (27) को गंभीर अवस्था में डा. आंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान जितेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। डाक्टरों ने बाकी दो घायलों की हालत नाजुक बताई है।
मृतक ज्ञानी लहरी मंदिहरहसौद इलाके के ग्राम कुरुद के पूर्व सरपंच थे। उनके साथ जितेंद्र, सेठी और राजा भी थे। भिलाई निवासी सेठी मोनेट इस्पात में कर्मचारी था। टक्कर से वैगन आर (सीजी 04 एच 8990) इस तरह पिचक गई कि शवों और घायलों को बड़ी मुश्किल से निकाला जा सका।
ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल (सीजी 04 जेडए 4380) उछलकर दूर जा गिरी। उसे चला रहा शिवकुमार मंदिहसौद का रहनेवाला है। हादसे के बाद चालक ट्रक (सीजी 06 ई 5287) छोड़कर भाग गया। पुलिस ने उसके खिलाफ जुर्म दर्ज कर ट्रक जब्त कर ली। ड्राइवर और ट्रक मालिक की तलाश चल रही है। मंदिरहसौद रोड पर ही शनिवार को ट्रक और डंपर की चपेट में आए मिनीडोर में सवार चार लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। दो लोगों की हालत नाजुक है।
गुस्से में चक्काजाम : लगातार हादसों और मौतों से गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। जीई रोड के दोनों ओर पांच-पांच किमी तक जाम लगा। इस वजह से घटनास्थल को साफ करनेवाली क्रेन भी विलंब से पहुंची। फोरलेन निर्माण में लगी क्रेन और जेसीबी की मदद ली गई। दो घंटे के जाम के बाद ट्रैफिक सामान्य हुआ। सभी क्षतिग्रस्त वाहन क्रेन से थाने पहुंचा दिए गए हैं।