News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. सेंटपाल्स स्कूल में घुसकर छात्रों से मारपीट की घटना से भड़के बजरंगी रविवार शाम 4 बजे कोतवाली थाने पहुंच गए। वे आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। अफसरों ने उचित कार्रवाई का वादा किया, तब वे थाने से हटे।
अफसरों ने बताया कि मारपीट के नामजद आरोपी तौसिफ, सैफ और गोलू को आज दोपहर गिरफ्तार करने के बाद थाने से ही मुचलके पर छोड़ दिया है। घायल छात्र अमित साहू और असंक भारद्वाज से पूछताछ कर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है। मारपीट में पांच से ज्यादा आरोपियों के शामिल होने पर बलवा भी कायम किया जा सकता है।
गौरतलब है कि शनिवार को फेयरवेल पार्टी के दौरान दर्जनभर बाहरी युवकों ने सेंटपाल स्कूल कंपाउंड में घुसकर छात्रों को पीटा था। इस मामले में स्कूल प्रबंधन ने भी कोतवाली थाने में आज मारपीट की लिखित शिकायत की है।
गोलबाजार थाने में प्रदर्शन
कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अशोकराज आहूजा अपने समर्थकों के साथ आज दोपहर फिर गोलबाजार थाने पहुंचे। श्री आहूजा ने अपने बेटे के साथ मारपीट करनेवालों के खिलाफ डकैती का जुर्म कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। वे पहले भी इस मामले में थाने के समाने प्रदर्शन कर चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक चार दिन पहले फूल चौक पर छेड़छाड़ के मामले में युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए थे। एक-दूसरे के खिलाफ सख्ती पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए दोनों पक्ष अपने समर्थकों के साथ गोलबाजार थाने में हंगामा कर चुके हैं। पुलिस इस मामले में कार्रवाई को लेकर उलझ गई है।