बीकानेर. रसोई गैस की आपूर्ति में अब तक सुधार नहीं हो सका है। पिछले दो महीनों से शहरवासी गैस की किल्लत से परेशान हैं। प्रदेशभर में रसोई गैस की समस्या को देखते हुए रसद विभाग में मंत्री घनश्याम तिवाड़ी सोमवार को जयपुर में जिले के रसद अधिकारियों की बैठक लेंगे।
शहर में रसोई गैस का धड़ल्ले से दुरुपयोग हो रहा है। रसद विभाग का गैस एजेंसियों पर अंकुश नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को 35 से 40 दिन तक गैस का इंतजार करना पड़ रहा है। पिछले दो महीने से शहर में यही हालात हैं। जिला प्रशासन अब तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं दे पाया है। गैस कंपनियों के अधिकारियों और कार्यालयों तक का उपभोक्ताओं को पता नहीं रहता।
किसी एजेंसी की शिकायत रसद विभाग से करने पर एक ही जवाब मिलता है कि कंपनी के अधिकारी से बात करें। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए रसद विभाग ने हालांकि अपने कार्यालय में इंडियन ऑयल, भारत और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के विक्रय अधिकारियों के मोबाइल नंबर लिखे हुए हैं लेकिन लोगों का कहना है कि तीनों के नंबर स्वीच ऑफ या नो रिप्लाई ही मिलते हैं।
तिवाड़ी सोमवार को रसोई गैस की आपूर्ति की समीक्षा करेंगे। जिला रसद अधिकारियों को एजेंसियों की संख्या, पंजीकृत उपभोक्ता तथा आपूर्ति की स्थिति लेकर बैठक में उपस्थित होने को कहा गया है।
बीकानेर के डीएसओ जी.एन.खींची पूरी तैयारी के साथ जयपुर पहुंच चुके हैं। दूरभाष पर उन्होंने बताया कि मंत्री के समक्ष जिले की स्थिति और गैस कपंनियों के अधिकारियों और एजेंसियों की रिपोर्ट पेश की जाएगी। उपभोक्ताओं की शिकायतों को भी रखा जाएगा। शादी के सावों को देखते हुए भी गैस आपूर्ति के संबंध में कोई निर्णय लिया जा सकता है।