bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

कोटा में स्टोन पार्क बनेगा

कोटा. स्टोन व्यवसायियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को मानते हुए सरकार ने कोटा में शीघ्र ही स्टोन पार्क बनाने की सहमति दी है। इसके साथ ही रानपुर स्थित एग्रो फूड पार्क में मंडी का निर्माण किया जाएगा। यह घोषणा उद्योग मंत्री डा. दिगंबर सिंह ने रविवार को यहां की। डा. सिंह रविवार को जिला परिषद के विकास हॉल में आयोजित उद्यमियों एवं व्यापारियों से खुली चर्चा के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि गत चार सालों में भाजपा सरकार ने ऐसा वातावरण बना दिया कि बाहर के निवेशकों ने भी राजस्थान में रुचि दिखाई है। हाल ही में 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपए के निवेश के सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर हुए हैं। डा. सिंह ने संकेत दिया कि इस निवेश में से कोटा के लिए स्टोन आधारित उद्योग के साथ कृषि आधारित उद्योग की स्थापना की जा सकती है। इसके लिए वे प्रयास करेंगे।

चर्चा की अध्यक्षता संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने की। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अभय कुमार, रीको के प्रबंध निदेशक कुलदीप राका, एसएन शर्मा, अतिरिक्त निदेशक उद्योग समेत कई उद्यमी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि कोटा अब शैक्षणिक नगरी के रूप में देशभर में पहचान बना चुका है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि बंद पड़े जेके उद्योग का मामला जो बहुत जटिल एवं पेचीदा है, उसे सुलझाने का वह हरसंभव प्रयास करेंगे। साथ ही बंद या बीमार पड़े उद्योगों की समस्याओं पर भी गंभीरता से गौर किया जाएगा।

संस्थाओं ने दिए ज्ञापन : हाडोती कोटा स्टोन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन, एग्रो फूड पार्क एसोसिएशन संस्था, क्रेशर्स एसोसिएशन कोटा, दी एसएस आई एसोसिएशन, जिला उद्योग प्रकोष्ठ, भाजपा, इन्द्रविहार सोसायटी एवं जेके सिंथेटिक्स मजदूर यूनियन आदि ने अपनी समस्याओं को लेकर उद्योग मंत्री को ज्ञापन दिया। इसमें पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा, प्लाट की दरों से संबंधित समस्याएं थीं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: