कोटा.
रानपुर में दासवानी डेंटल हॉस्पिटल के लोकार्पण समारोह में रविवार को उद्योग मंत्री दिगंबर सिंह ने कहा कि यहां डेंटल हॉस्पिटल खोलकर लोगों को निशुल्क चिकित्सा मुहैया कराने का यह सराहनीय कदम उठाया है। ग्रामीण इलाके के बाशिंदों को एक साल तक निशुल्क इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। उद्योग मंत्री डॉ. सिंह समारोह के मुख्य अतिथि थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के पूरे प्रयास किए गए हैं। इसी के कारण हमारा राज्य बीमार प्रदेशों की श्रेणी से बाहर आ गया है। गत दो वर्र्षो में स्वास्थ्य चेतना यात्रा अभियान के दौरान 65 लाख लोगों को घर पर इलाज की सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जननी सुरक्षा योजना का ही प्रयास है कि मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी आई है।
अध्यक्षता करते हुए संसदीय सचिव भवानीसिंह राजावत ने कहा कि जहां आमजन को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं मुहैया होंगी, वहीं सरकार भी पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने हॉस्पिटल मैनेजमेंट को गरीब तबके के मरीजों के इलाज के लिए निश्चित कोटा निर्धारित करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि अधिकतर हॉस्पिटल में गरीबों के इलाज करने के लिए इस तरह का कोटा नहीं होता। अब यह जरूरी कर देना चाहिए।
चिकित्सालय के प्रबंध निदेशक अनिल दासवानी ने हॉस्पिटल की सभी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि यहां तीन सौ बेड का एक जनरल चिकित्सालय भी संचालित किया जाएगा। आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। संस्थान के अध्यक्ष केएल दासवानी, प्राचार्य एनके पटनायक एवं विजय दासवानी सहित बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित थे।
निशुल्क कैंप भी लगाया
दासवानी एजूकेशन ग्रुप की ओर से निशुल्क चिकित्सा कैंप भी लगाया गया है। इस कैंप में गांव और शहर के मरीज चिकित्सा जांच करा रहे हैं। उद्योग मंत्री डॉ. सिंह और संसदीय सचिव राजावत ने भी इसका अवलोकन किया।
स्टूडेंट्स को मिलेगी ट्रेनिंग
यहां डेंटल एवं जनरल हॉस्पिटल में प्रति वर्ष सौ स्टूडेंट्स को पांच वर्ष की ट्रेनिंग देकर उन्हें बीडीएस की डिग्री दी जाएगी। इसके लिए कॉलेज को हैल्थ यूनिवर्सिटी से मान्यता मिल गई है।