bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

मोपका रोड का काम धीमा

बिलासपुर. लोक निर्माण विभाग ने अंतत: मोपका रोड बना रही कंस्ट्रक्शन कंपनी का अनुबंध खत्म कर दिया है। उधर बदहाल उस्लापुर रोड बनाने के लिए भी संबंधित ठेकेदार को दोबारा चेतावनी दी गई है। गारंटी पीरिएड में होने के कारण यह रोड ठेकेदार को अपने खर्च पर बनवानी पड़ेगी।

मोपका रोड का निर्धारित अवधि में निर्माण न करने और अधिकारियों के निर्देशों के लगातार अवहेलना पर आखिरकार लोक निर्माण विभाग ने उसका एंग्रीमेंट खत्म कर दिया है। ठेकेदार को इसके पहले काम पूरा करने के लिए दो बार नोटिस दिया गया, लेकिन इसके बाद भी उसने काम पूरा नहीं किया। इस पर ठेकेदार का अनुबंध खत्म कर दिया गया है।

इसके साथ ही नए सिरे से काम देने के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। मोपका रोड का निर्माण 21 जून 2006 को शुरू किया गया था और टेंडर की शर्तो के अनुसार 22 जनवरी 2008 को पूरा करना था, लेकिन अभी भी दो जगहों पर पुलिया और दो किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण का काम बाकी है।

यह काम अब नया ठेका देकर पूरा कराया जाएगा। पुराने ठेकेदार ने जितना काम किया है, उसका आंकलन करने के बाद उसी अनुसार भुगतान किया जाएगा। गौरतलब है कि इस रोड के निर्माण के दौरान ही कांक्रीट पर दरारें भी पड़ गई थीं। लोनिवि मंत्री के निर्देश के बाद जितनी सड़क खराब हुई थी, उसमें दोबारा पैनल डालकर उसे सुधारने का काम शुरू किया गया था। यह काम भी अब तक पूरा नहीं किया गया है।

उधर उस्लापुर ओवरब्रिज के एप्रोच रोड के दोबारा निर्माण के लिए भी विभाग ने कार्रवाई शुरू की है। सड़क निर्माण सही तरीके से न करने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस देकर जवाब-तलब किया गया है। सड़क गारंटी अवधि के दौरान ही खराब होने के कारण ठेकेदार को उसको दोबारा बनाना होगा।

गौरतलब है कि उस्लापुर ओवरब्रिज के दोनों ओर एप्रोच रोड पुल का काम शुरू होने के लगभग डेढ़ साल बाद तक नहीं हुआ था। इसकी वजह ठेकेदार न मिल पाना बताया जा रहा था। नेशनल हाइवे ने सड़क का काम लोनिवि के जिम्मे सौंपा था। लगभग 20 लाख की लागत से पिछले साल इस सड़क निर्माण लोनिवि ने ठेकेदार के माध्यम से कराया, लेकिन यह पहली बारिश में ही पूरी तरह उधड़ गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: