लंदन.जी हां, अगर आपको चीनी युक्त सॉफ्ट ड्रिंक्स और जूस की लत है, तो फिर अपनी आदत को सुधरने की कोशिश किजिए। हाल में हुई रिसर्च के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक पीने वाले जोड़ों के दर्द की बीमारी यानी गठिया के शिकार हो सकते है। अध्ययन के अनुसार, ऐसे ड्रिंक्स शराब से भी ज्यादा खतरनाक हो सकते हैं। ब्रिटिश कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रमुख रिसर्चर ह्योन के छोई ने बताया फ्रुक्टोज (फलों से निकाली गई मिठास) युक्त ड्रिंक्स से गठिया का खतरा दोगुना बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर सारी सॉफ्ट ड्रिंक्स और डिब्बा बंद फ्रूट जूस में फ्रुक्टोज मिलाया जाता है।
यह रिसर्च 40 से ज्यादा उम्र के 46 हजार से ज्यादा लोगों पर की गई, जिनमें गठिया का नामोनिशान नहीं था। इन लोगों की साफ्ट ड्रिंक्स और ऐसे जूस पीने की आदत पर नजर रखी गई। इस दौरान पाया गया कि जो लोग एक दिन में दो से ज्यादा डिंक्स लेते थे उनमें गठिया का खतरा उन लोगों से 85 फीसदी ज्यादा था, जो एक महीने में औसतन एक या इससे भी कम ड्रिंक्स लेते थे।
इस रिसर्च के बाद कम से कम उन लोगों को ऐसे ड्रिंक्स कम लेने की सलाह दी जाती है, जिनमें गठिया के लक्षण पाए गए हैं। इस रिसर्च के नतीजों को ब्रिटिश मेडिकल जर्नल में छापा गया है।