News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. दीक्षांत समारोह का आयोजन निर्माणाधीन आडिटोरियम में करने का निर्णय यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लिया है। समारोह के करीब आते ही आडिटोरियम का निर्माण जल्दी से जल्दी पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में ही कुलपति प्रो. जेएल गुप्ता, कुलसचिव केके चंद्राकर सहित यूनिवर्सिटी के अन्य अधिकारियों द्वारा आडिटोरियम के निर्माण कार्यो का दो-तीन बार निरीक्षण किया जा चुका है, लेकिन वे अभी संतुष्ट नहीं हुए हैं।
उन्होंने कारीगरों को जल्दी से जल्दी काम पूरा करने का निर्देश दिया है। दो करोड़ की लागत से बनाए जा रहे आडिटोरियम के चारों तरफ दीवार से सटाकर नाली बनाई जा रही है, जबकि फर्शो की घिसाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सेंट्रल कूलिंग, लाइट आदि का कार्य भी पूर्णता की ओर है। यहां रोज करीब दो दर्जन से भी अधिक कारीगर व मजदूरों द्वारा मशक्कत की जा रही है।
इधर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बगैर अनुज्ञा पत्र के दीक्षांत समारोह में प्रवेश दिए जाने से साफ इनकार करते हुए जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। प्रक्रिया पूर्ण कर आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 फरवरी निर्धारित की गई है, जबकि अभी भी बड़ी संख्या में शोधार्थियों व मेरिट आने वाले छात्र-छात्राओं के आवेदन आने शेष है।
शोधार्थियों व मेरिट में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं को अमानत राशि के रूप में और गाउन प्राप्त करने 1 हजार रुपए नगद या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करने कहा गया है। इसके बाद उन्हें 15 फरवरी से परीक्षा विभाग द्वारा अनुज्ञा पत्र प्रदान किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में 8 नवंबर 2006 से 9 फरवरी 2008 के मध्य उपाधि के लिए योग्य घोषित किए गए शोधार्थियों को योजना आयोग के सदस्य श्री मुंगेकर व कुलाधिपति राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन द्वारा उपाधि प्रदान की जाएगी।