HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

हैलो..विद्युत मंडल, वहां हो रही बिजली चोरी

बिलासपुर. ‘हैलो..विद्युत मंडल। टिकरापारा के गली नंबर चार के मकान नंबर 16 में लंबे समय से बिजली की चोरी हो रही है।’ सूचना पाते ही विद्युत मंडल का अमला चोरी पकड़ने दौड़ा, लेकिन वहां जाने से पता चला कि मकान नंबर 16 में मंडल के सारे नियमों का बखूबी पालन किया जा रहा है।

विद्युत मंडल का अमला इन दिनों शिकायती फोन से काफी परेशान है। विभाग के विजिलेंस दल को इन दिनों लगातार बिजली चोरी की सूचना देने के लिए गुप्त फोन आते हैं। फोन से मिली पर भरोसा करते हुए विद्युत अमला अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में परिवर्तन करते हुए बताए गए पते पर छापामार कार्रवाई करता है। वहां जाने पर बिजली चोरी पकड़ना तो दूर, उल्टे अधिकारियों को ही शर्मसार होना पड़ता है।

अधिकारियों का कहना है कि शिकायती टेलीफोन का आना विगत कुछ समय से ही बढ़ा है। यह इनाम का चक्कर है। लोग किसी भी मकान में बिजली चोरी होने का तुक्का लगाते हैं। छापामार कार्रवाई में यदि चोरी पकड़ी गई तो उन्हें मुफ्त में इनाम की राशि मिल जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि शिकायती फोन पर भरोसा करना विभाग की मजबूरी भी है, क्योंकि इसी तरह उन्होंने चोरी के अनेक मामले पकड़े हैं।

उल्लेखनीय है कि विद्युत मंडल द्वारा बिजली की चोरी रोकने के लिए समय-समय पर कई तरह के उपाय किए गए हैं। इसके तहत मंडल ने बिजली चोरी पकड़वाने में मदद करने वाले को इनाम देने की घोषणा की है। विभाग को सूचना देने वाले का नाम व पता पूरी तरह गुप्त रखा जाता है। मंडल की शर्त यह है कि बिजली चोरी होने वाले स्थान मकान, दुकान या खेत के मालिक का नाम-पता बताना है। बताए गए पते पर मंडल का अमला छापामार कार्रवाई करेगा। इस दौरान यदि संबंधित स्थान पर बिजली चोरी खबर सही पाई गई तो सूचना देने वाले का इनाम पक्का है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: