HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रायपुर के ‘चोटी वाले’ पर इंदौर में रासुका

रायपुर. रायपुर में दर्जनभर बच्चियों से अश्लील हरकत करने के बाद ढाई माह जेल में रहे चोटी वाले हरजीत सिंह छाबड़ा (45) ने इंदौर में भी दहशत फैलाई। वहां भी कई बच्चियों से छेड़छाड़ की। 4 फरवरी को भोपाल में इंदौर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और अब उसे रासुका के तहत निरूद्घ कर दिया गया है।

हरजीत की भोपाल में घेराबंदी में रायपुर पुलिस की भी भूमिका रही। इंदौर में दहशत फैलने के बाद वहां आरोपी का स्कैच जारी किया गया था। उसे देखकर सिटी एसपी लाल उमेद सिंह ने इंदौर पुलिस से संपर्क किया और फिर आरोपी से संबंधित वीडियो और दस्तावेज उपलब्ध कराए। उसके बाद उसकी सही पहचान हुई और उसी आधार पर उसे भोपाल में दबोचा गया। गौरतलब है, हरजीत यहां महावीर नगर में किराए के मकान में रह रहा था।

कटोरातालाब में 16 जुलाई 2007 को उसने एक छोटी बच्ची से अश्लील हरकत की। मोहल्ले वालों ने शोर शराबा किया और फिर वह पकड़ा गया। ढाई माह जेल में रहने के बाद वह छूटा और बाहर निकलते ही श्यामनगर में एक बच्ची से अश्लील हरकत की। हल्ला मचने के बाद वह भाग निकला। 1 अक्टूबर को वह इंदौर चला गया और वहां सुदामा नगर में आरोपी ने शेयर के लेनदेन का काम शुरू किया। पुलिस के अनुसार वह टीचर का दोस्त बताकर स्कूली बच्चियों से संपर्क बढ़ाता और अश्लील हरकत करने की कोशिश करता। इस तरह की लगातार शिकायत मिलने से बच्चियों के परिजनों में दहशत फैल गई।

वहां ‘चोटी वाले’ वहशी के नाम से कुख्यात हो गया। इस मुद्दे पर सक्रिय सामाजिक संगठन भी सक्रिय हो गए। इंदौर के परासिया थाने में आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज किया था। परासिया टीआई अरविंद खरे ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद हरजीत को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपनी हरकत कबूल कर ली। इस आधार पर उसके खिलाफ रासुका की कार्रवाई के लिए प्रशासन से मंजूरी भी मिल गई।

गौरतलब है कि वह रायपुर में चार साल से रह रहा था, लेकिन पुलिस को उसने कभी अपने काम-काज के बारे में ठीक से जानकारी नहीं दी। कभी वह खुद को ट्रांसपोर्ट व्यवसायी बताता तो कभी ट्यूटर बताकर गुमराह करता रहा। पुलिस अफसरों ने बताया कि आरोपी अक्सर मार्केट एरिया से 7-8 साल की बच्चियों को अपनी कार में बैठाकर अश्लील हरकत करने लगता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: