HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

कांग्रेस में घमासान, महंत पर संकट

रायपुर. केशकाल उपचुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में घमासान छिड़ सकता है। संकेत मिले हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी और उनके समर्थक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले हैं। केशकाल की हार ने जोगी खेमे को हावी होने का अच्छा मौका दिया है।

श्री जोगी ने दैनिक भास्कर से केवल इतना कहा कि प्रदेश कांग्रेस की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात करेंगे। प्रदेश नेतृत्व में बदलाव होगा या नहीं, इस मुद्दे पर वे तो चुप हैं लेकिन उनके समर्थकों ने जोरदार तैयारी शुरू कर दी है। जोगी समर्थक विधायक शीघ्र दिल्ली जाकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलनेवाले हैं।

वे बताएंकि राज्य में कांग्रेस की क्या स्थिति है। गौरतलब है, जोगी खेमा महंत के खिलाफ शुरू से आक्रामक रहा है। इस बार हालात अलग हैं। माना जा रहा है कि इस बार आगामी विधानसभा चुनावों का हवाला दिया जा सकता है। हालांकि संगठन खेमा भी हार का ठीकरा जोगी खेमे पर फोड़ने की तैयारी में है। श्री महंत दिल्ली जाकर नेताओं को बता सकते हैं कि टिकट घोषित होने के बाद जोगी समर्थकों ने कैसा व्यवहार किया।

पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की ओर से हार की समीक्षा के लिए दबाव डाला जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी वी. नारायण सामी हार की समीक्षा करने के लिए रायपुर आ रहे हैं। नतीजे आने के फौरन बाद शाम तक शहर में चर्चा थी कि 11 फरवरी को सभी नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। लेकिन श्री सामी ने फोन पर दैनिक भास्कर से कहा कि वे खुद आएंगे और यहीं कांग्रेस के तमाम नेताओं से बात करेंगे।

कहां खामी रही, कैसे सुधार जरूरी हैं, इस पर विचार होगा। उन्होंने रमन सरकार पर राज्य में पूरी मशीनरी झोंकने और गड़बड़ी फैलाने का आरोप लगाया। श्री महंत और श्री कर्मा ने संयुक्त रूप से जारी बयान में कहा कि रमन सरकार ने 12 मंत्रियों के साथ सरकारी मशीनरी को उपचुनाव में झोंक दिया।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र के मतदान केंद्रों में 80 से 90 प्रतिशत मतदान से पता चलता है कि वहां किस तरह फर्जी मतदान हुआ है। केशकाल उपचुनाव के परिणाम से प्रदेश की जनता हैरान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा लेकिन सरकारी तंत्र ने कांग्रेस की जीत रोक दी। दोनों नेताओं ने दावा किया कि अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: