जयपुर/नई दिल्ली. कश्मीर में भारी बर्फबारी हुई। यहां हिमखंड में दबकर पांच लोगों की मृत्यु हो गई। इधर राजस्थान में भी सर्द हवा के सामने धूप फीकी पड़ रही है। माउंट आबू में पिछली रात तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे रहा। उदयपुर के मोर्चा गांव में सर्दी से एक युवक भंवरसिंह की मौत हो गई। वह रात को खेत में रखवाली के लिए गया था। गुरुवार सुबह उसकी लाश मिली।
फलौदी में पारा शून्य पर पहुंच जाने से मारवाड़ में हिमाचल के मौसम का अहसास हो रहा है। श्रीगंगानगर में गुरुवार को मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। यहां दिन और रात के तापमान में मात्र 3.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर बनी रहेगी। राजधानी में आसमान साफ रहेगा।
बीकानेर में गुरुवार नौ किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली उत्तर पश्चिमी हवाओं ने तापमान को बांधे रखा। यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री व अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रहा। जैसलमेर में रात के तापमान में 4.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शेखावाटी में भी सर्दी का असर बना रहा।
सीकर में धूप खिली, लेकिन शीतलहर के सामने कमजोर साबित हुई। झुंझुनूं में बादल छाए रहने व ठंडी हवा चलने से सर्दी का असर बरकरार रहा। चूरू में मौसम में आए बदलाव से पारे में मामूली उछाल आया। यहां दिन का पारा गिरकर 17.7 पहुंच गया, जबकि रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान 1.9 से बढ़कर 3.5 दर्ज किया गया। कोटा संभाग में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
दिन का तापमान 23.4 से गिरकर 19.7 पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि होने के बावजूद लोगों को गलन से राहत नहीं मिली। अलवर में दिनभर आकाश में बादल छाए रहे। दोपहर बाद शीतलहर चलने से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया।
पूर्वानुमान : मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले चौबीस घंटों के दौरान आमतौर पर आसमान साफ रहने और सुबह हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।