जयपुर.
जयपुर रेलवे स्टेशन का नजारा कुछ बदला-बदला सा था। यात्रियों के साथ पहुंचे परिजनों में भी गरीब रथ नई ट्रेन को देखने का उत्साह था। कई यात्री तो समय से डेढ़ घंटा पहले ही स्टेशन पहुंच गए। नाम गरीब रथ, लेकिन सुविधाओं से भरपूर यह ट्रेन पहली बार गुरुवार को जयपुर से बांद्रा (मुंबई) के लिए रवाना हुई।
रेलवे स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्री भी इस गाड़ी को निहार रहे थे। कुछ लोग तो इसकी सीटों पर बैठकर जायजा ले रहे थे।
अहमदाबाद जा रहे संदीप सक्सेना ने कहा कि गरीब रथ के अन्य ट्रेनों से अलग होने के बारे में सुना था, यहां आकर वैसा ही पाया। मैंने सबसे पहले पूरी ट्रेन देखी। बांद्रा जा रहे शिवशंकर शर्मा ने कहा कि कम किराए में एसी सुविधा इस ट्रेन में मिल रही है, तो भला दूसरी में क्यों जाऊंगा। यात्रियों के उत्साह के बावजूद पहले दिन इस ट्रेन में केवल 521 यात्री जयपुर से रवाना हुए, लिहाजा कई डिब्बे खाली थे और कुछ में बहुत कम यात्री थे।
रेलवे स्टेशन पर हुए एक सादे समारोह में वरिष्ठ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बंशीधर ने इस गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयंत सिंह और मंडल परिचालन प्रबंधक अजय शर्मा सहित रेलवे के कई अधिकारी मौजूद थे। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी केएल इनखिया ने बताया कि इस ट्रेन में भोजन की सुविधा भी करा दी गई है। आईआरसीटीसी की ओर से सामान्य रेट पर भोजन दिया जाएगा।
इसके अलावा कोई इस ट्रेन में बेडरोल चाहता है तो उसको 25 रुपए अतिरिक्त देने पड़ेंगे। यात्रियों की कम संख्या के संबंध में उन्होंने कहा कि अभी लोगों को इस ट्रेन की पूरी जानकारी नहीं है। धीरे-धीरे यह लोगों की पहली पसंद बन सकती है।
किन ट्रेनों पर असर संभावित
अरावली एक्सप्रेस, आश्रम एक्सप्रेस, बरेली-भुज व पोरबंदर एक्सप्रेस में जयपुर से अहमदाबाद तक का किराया 697 रुपए है, जबकि गरीब रथ में 469 रुपए है। अरावली एक्सप्रेस में बांद्रा तक का किराया 986 रुपए है, जबकि गरीब रथ में किराया 609 रुपए है। गरीब रथ में केवल आठ ठहराव हैं, जबकि अन्य ट्रेनों में लगभग 20 हैं।
इसके अलावा इसकी स्पीड 120 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की है। इससे यह गाड़ी यात्रियों को जल्दी पहुंचाएगी। गरीब रथ से अजमेर-बांद्रा एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या पर भी फर्क पड़ेगा।