सांपला (ब्यावर). पुलिस की वर्दी पहन कर मारुति वैन में सवार सात शिकारियों ने गुरुवार सुबह खेड़ीशंकर गांव में तीन मोरों की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने उनकी वैन का पीछा भी किया, लेकिन शिकारी वाहन व मोर छोड़कर जंगल में चंपत हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची केकड़ी पुलिस ने वैन, उसमें रखा सामान और मृत मोर जब्त कर शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सुबह करीब सात बजे खेत से लौट रहे खेड़ीशंकर निवासी गोपाल सिंह को गांव के पास सात लोग सफेद मारुति वैन में तीन मोरों और दो कबूतरों को रखते दिखे। इनमें से दो ने पुलिस और एक ने सिक्यूरिटी गार्ड की वर्दी पहन रखी थी।
गोपाल की सूचना पर ग्रामीणों ने वैन का पीछा किया। दो घंटे तक ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ाया। फान्हेड़ा के नया तालाब के पास वैन पंक्चर होने पर शिकारी मोरों और कबूतरों को छोड़ जंगल में चंपत हो गए। थोड़ी देर में आस-पास के गांवों से ग्रामीणों का वहां हुजूम लग गया।