अजमेर. अंजुमन सदर का गुट अदालत के फैसले के अनुसार गुप्त मतदान से चुनाव कराने के लिए तैयार हो गया है। कोर्ट के फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील दायर नहीं की जाएगी। चुनाव व्यवस्था के लिए अदालत द्वारा नियुक्त अभिभाषक, निर्वाचन अधिकारी व इलेक्शन कन्वीनर के साथ शनिवार को विभिन्न पक्षों की बैठक होगी।
अंजुमन के इलेक्शन कन्वीनर सैयद जियाउद्दीन चिश्ती ने दोहराया कि उनका गुट निचली अदालत के फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील दायर नहीं करेगा। चुनाव निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में कराए जाएंगे। चिश्तिया शादी हॉल में शनिवार को पांच बजे होने वाली बैठक में अदालत द्वारा नियुक्त अभिभाषक ओमप्रकाश बंसल के साथ बैठक होगी। अदालत के आदेश के अनुरूप व्यवस्था की जाएगी।
निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट किशन गुर्जर ने कहा कि अभी तक उन्हें अदालत के फैसले की कॉपी नहीं मिली है। शनिवार को होने वाली बैठक में चुनाव व्यवस्था पर विचार-विमर्श कर निर्णय किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बुधवार को अदालत ने अंजुमन सैयद जादगान को उम्मीदवारों के नाम के वर्णमाला के अनुसार बैलट पेपर तैयार कराने और गुप्त मतदान पद्दति के आधार पर चुनाव कराने के आदेश दिए थे।
फैसले का स्वागत
अंजुमन सैयदजादगान के पूर्व सचिव सैयद सरवर चिश्ती ने भी अदालत के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि लोग अपनी मर्जी से वोट डाल सकेंगे। अंजुमन के वकील सैयद इकबाल चिश्ती ने कहा कि कोर्ट के फैसले से आपसी झगड़े दूर होंगे। अवाम जिस तरह चुनाव लड़ाना चाहे, वह उसी तरह चुनाव के लिए तैयार हैं।
शुक्राना अदा किया
अंजुमन चुनाव में गुप्त मतदान कराने के आदेश की खुशी में तीसरे मोर्चे के सदस्यों ने गुरुवार को ख्वाजा साहब का शुक्राना अदा किया। उन्होंने गरीब नवाज की मजार पर मखमल की चादर और अकीदत के फूल पेश किए। दरगाह में अस्र की नमाज के पूर्व शाम को ेसैयद एनुद्दीन चिश्ती, सैयद आले हुसैन, सैयद विकार जमाली और सैयद फरीदुद्दीन चिश्ती ने अरकाट के दालान में चादर रख कर दुआएं कीं। इसके बाद आस्ताना-ए-आलिया में चादर पेश की गई।