अजमेर.
कल देर रात से तीर सी चल रहीं बर्फीली हवाओं का कहर गुरुवार को भी दिनभर जारी रहा। पारा आज 1.2 डिग्री और नीचे गिरने से ठंड और तीखी हो गई। देश के उत्तरी भाग में हो रही बर्फबारी के कारण पिछले एक पखवाड़े से जारी शीतलहर का जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा। आज भी दिन भर बर्फानी हवाएं चलती रहीं और धूप निकलने के बावजूद लोग ठिठुरते रहे।
मौसम का मिजाज आज सुबह से बिगड़ा रहा। गुनगुनी धूप बेअसर रही। दोपहर में धूप में तेजी थी, लेकिन शीतलहर के आगे धूप बेअसर रही। तीखी हवाओं के कारण दिन में भी सड़कों पर आवाजाही कर रही। शाम ढलते-ढलते ठंडी हवाओं का कहर और बढ़ गया। सुबह बच्चे पूरे इंतजाम के बावजूद ठिठुरते हुए स्कूलों के लिए निकले। दिन ढलने के साथ बाजारों में चहल-पहल काफी कम हो गई।
गली-मोहल्लों में सन्नाटा सा पसर गया। शहर में दुकानों के बाहर कई जगह लोगों ने अलाव जला कर ठंड से राहत पाने की जुगत की। इस बीच चाट-पकौड़ी और चाय की दुकानों पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
मालूम हो कि ठंड के तीखे तेवर के मद्देनजर पिछले दिनों जिला प्रशासन ने स्कूलों में तीन दिन छुट्टी की घोषणा की थी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दिन में पारा 19.8 डिग्री से लुढ़क कर 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.4 से गिर कर 6.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हवा में नमी सुबह 34 और शाम को 28 प्रतिशत दर्ज की गई। आने वाले दिनों में भी सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।