HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

स्वर्ण रेखा किनारे बनेगा पिकनिक स्पॉट

ग्वालियर. फूलबाग गुरुद्वारा के पिछवाड़े से लेकर वीरांगना लक्ष्मीबाई के स्मारक स्थल तक स्वर्ण रेखा नदी के किनारे पिकनिक स्पॉट बनेगा। इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं। तैयारियों के क्रम में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा ने दिल्ली से आए वास्तुविद् रवीन्द्र भान के साथ स्थल का अवलोकन किया।

जल संसाधन मंत्री ने श्री भान से कहा है कि वे इन कार्यो के लिए एक ऐसी डिजाइन तैयार करें, जिससे यह स्थान ग्वालियर के सौन्दर्य को नई गरिमा प्रदान कर सके। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट को बेहतर रूप देने के लिए जो भी सुझाव मिलेंगे उन्हें युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा। श्री मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा इस प्रोजेक्ट को जल्द पूर्ण करने की है, संबंधित अधिकारी इसे गंभीरता से लें।

श्री भान ने अवलोकन के समय श्री मिश्रा को कुछ सुझाव दिए। श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को श्री भान द्वारा सुझाए गए बिन्दुओं के आधार पर प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। पिकनिक स्पॉट के लिए तैयार किए गए प्रोजेक्ट में स्वर्ण रेखा नदी के दोनों किनारे स्व-सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए ग्रामीण दस्तकारी हाट बनाया जाना भी प्रस्तावित है।

साथ ही फूलबाग के पीछे स्थित बारादरी के समीप बोट क्लब, फूलबाग पुल के समीप पार्क तथा नदी के दोनों ओर पर्यावरण के अनुकूल पौधरोपण का प्रस्ताव है। प्रोजेक्ट के तहत आधुनिक सीवेज सिस्टम तथा नदी के दोनों ओर अनुपयोगी मिट्टी के जमाव को रोकने के उपाय भी किए जाएंगे, जिससे नदी में गंदा पानी व कचरा न पहुंचे।

अवलोकन के समय कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव, निगम कमिश्नर डा. पवन शर्मा व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद शर्मा सहित नगर विकास से जुड़े संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: