News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
तीन दिन पहले थाटीपुर से लापता हुए युवा कांग्रेस के शहर महामंत्री की हत्या कर दी गई। लाश थाटीपुर पुलिस चौकी के पीछे लाइन नं.12 में एक गटर में मिली। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने थाटीपुर पुलिस चौकी के सामने नारेबाजी की और बाजार बंद करा दिया।
उल्लेखनीय है कि युवा कांग्रेस के महामंत्री और मुरार के जीवाजी नगर में साड़ी सेन्टर संचालित करने वाला महेन्द्र कुशवाह सोमवार की शाम को घर से निकला था, इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। महेन्द्र के परिजनों ने घटना की जानकारी मुरार पुलिस को दी और अपहरण की आशंका भी व्यक्त की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके ही मामले की छानबीन शुरू की।
गुरुवार की शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि थाटीपुर पुलिस चौकी के पीछे लाइन नंबर 12 में स्थित गटर में एक युवक की लाश पड़ी हुई है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गटर से लाश को निकाल लिया। गटर से निकाली गई लाश कीचड़ से सनी थी। इसलिए पहली नजर में उसके परिजन जिन्हें पुलिस ने बुला लिया था नहीं पहचान पाए। पुलिस ने मौके पर ही मृत युवक का चेहरा धुलवाया और इसके बाद महेन्द्र के परिजनों को दिखाया।
परिजनों ने लाश की शिनाख्त महेन्द्र के रूप में कर दी। घटनास्थल की सूक्ष्म जांच के लिए पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुला लिया। युवा कांग्रेस नेता की हत्या की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता थाटीपुर पहुंच गए और उन्होंने बाजार बंद करा दिए।
गला काटकर की हत्या : महेन्द्र की हत्या गला काटकर की गई है। धारदार हथियार से गला इस तरह के काटा गया है कि गर्दन नाममात्र को ही धड़ से जुड़ी रह गई। हत्यारों ने इसके मुंह में कपड़ा ठूंसा है और हाथ-पैर को नायलॉन की रस्सियों से बांध दिया।
हत्या कहीं और की गई : महेन्द्र कुशवाह की हत्या कहीं और की गई है और लाश को लाकर गटर में डाल दिया गया है। ऐसा पुलिस का अनुमान है। पुलिस अफसरों का कहना है कि हत्या करने के बाद लाश को किसी वाहन से गटर तक लाया गया है।
विरोध में कांग्रेस का आज शहर बंद का आह्वान
युवा कांग्रेस के महामंत्री की हत्या और शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर शहर जिला कांग्रेस ने शुक्रवार को ग्वालियर बंद का ऐलान किया है। कुशवाह समाज ने बंद के आह्वान को समर्थन दिया है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश खंडेलवाल एवं पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने बताया कि पिछले दिनों अपहरण और हत्या की वारदातों के बाद पुलिस की कार्यशैली की पोल खुल गई है। शहर की कानून-व्यवस्था बिगड़ना भाजपा सरकार की नाकामी है।
शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था की बात सरकार के कानों तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने शहर बंद का आह्वान किया है। इस दौरान पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के बंद को कुशवाह समाज ने भी समर्थन दिया है। समर्थन की घोषणा काशीराम देहलवार ने की।