इंदौर. प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह शुक्रवार को दस मिनट इंदौर में रहेंगे। वे दिल्ली से झाबुआ जाते समय तथा वहां से वापस लौटते समय पांच-पांच मिनट इंदौर में रुकेंगे। इंदौर में गणमान्य लोगों से मुलाकात के अलावा उनका कोई कार्यक्रम नहीं है
प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय रेलमंत्री लालूप्रसाद यादव, कृषि राज्यमंत्री कांतिलाल भूरिया, कार्मिक राज्यमंत्री सुरेश पचौरी , प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान, कांग्रेस महासचिव मार्गरेट अल्वा, वी. नारायण सामी, नेताप्रतिपक्ष जमुनादेवी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष यादव भी रहेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री एयर इंडिया के विशेष विमान से सुबह 10.35 बजे इंदौर पहुंचेंगे।
विमानतल पर राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, शिक्षामंत्री लक्ष्मणसिंह गौड़, प्रभारी मंत्री हिम्मत कोठारी, सांसद सुमित्रा महाजन, महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा तथा प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा उनकी अगवानी करेंगे। 10.40 बजे वे वायुसेना के हेलिकॉप्टर से झाबुआ के लिए रवाना होंगे। राज्यपाल व मुख्यमंत्री भी प्रधानमंत्री के साथ ही झाबुआ जाएंगे।
वहां वे दाहोद-इंदौर तथा छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना का भूमिपूजन करेंगे तथा एक सभा को संबोधित करेंगे। झाबुआ में प्रधानमंत्री करीब एक घंटा रुकेंगे। दोपहर 12.55 बजे वे झाबुआ से रवाना होकर 13.45 बजे इंदौर पहुचेंगे और विमानतल से ही सीधे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।