बीकानेर.
सांसद धर्मेन्द्र ने बीकानेर शहर की सबसे बड़ी सूरसागर समस्या का शीघ्र समाधान होने पर प्रसन्नता जताई। सूरसागर समस्या का समाधान होने से जूनागढ़ के आसपास के लोगों को प्रदूषण व बरसात के समय होने वाले कीचड़ से निजात मिलेगी। सूरसागर के सौन्दर्यीकरण का कार्य भी एक फरवरी से शुरू हो चुका है।
सूरसागर समस्या के समाधान के लिए 16 करोड़ रुपए की योजना बनी थी जो कि अपने अंतिम चरण में है। सौन्दर्यीकरण के लिए छह करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है जिसमें 5 करोड़ की निविदाएं की जा चुकी हैं। सूरसागर से सिल्ट निकालने व सीवरलाइन शिफ्टिंग का कार्य भी शुरू हो चुका है।
सांसद धर्मेन्द्र ने बीकानेर में विकास कार्यो की चर्चा करते हुए बताया कि वे अपने सांसद कोटे की पूरी राशि विकास कार्यो पर खर्च कर चुके हैं। सांसद ने राज्य व जिला प्रशासन से आग्रह कर रेल मिनी बाइपास की भूमि संबंधी समस्या का समाधान भी करवाया है। जयपुर रोड को फोरलेन बनाने की योजना स्वीकृत करवाई गई है, जिसका कार्य भी शीघ्र शुरू होने वाला है।
धर्मेन्द्र ने बताया कि रविन्द्र रंगमंच के लिए वे प्रथम किस्त के रूप में सांसद कोटे से 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर चुके हैं। रंगमंच का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। इस वर्ष शहर की सड़कों का सुधार होगा तथा रेलवे की वाशिंग लाइन बन जाने से बीकानेर को और अधिक रेलगाड़ियां मिल सकेगी।