कोटा. राजकीय महाराव भीमसिंह अस्पताल में लकवा रोगियों को बेहतर चिकित्सा दिलाने के उद्देश्य से जनसहयोग से पक्षाघात गहन चिकित्सा इकाई (स्ट्रॉक यूनिट) की योजना तैयार की गई है।
दस बैड की इस विशेष गहन चिकित्सा इकाई पर 60 लाख से ज्यादा की राशि खर्च होने की संभावना है। अब तक इस यूनिट की स्थापना के लिए जनसहयोग से ढाई लाख रुपए एकत्रित किए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डा. जी.एल.वर्मा, एमबीएस अस्पताल अधीक्षक डा. आर.के.आसेरी व न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डा. विजय सरदाना ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यूनिट की स्थापना के लिए न्यूरोलॉजी विभाग के चिकित्सकों ने पहल करते हुए सबसे पहले 40 हजार रुपए का चेक अस्पताल अधीक्षक को सौंपा था। इसके बाद जनसहयोग से अब तक ढाई लाख रुपए एकत्रित किए जा चुके हैं।
इसमें डॉक्टर, स्वयंसेवी संस्थाएं, रोगी व उनके तीमारदार शामिल हैं। दानदाता सहयोग राशि अस्पताल अधीक्षक को जमा करा सकते हैं।