जोधपुर. फिल्म जोधा-अकबर रिलीज होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही श्री राजपूत करणी सेना के तेवर तल्ख होने लगे हैं। शनिवार को जोधपुर में सेना के कार्यकर्ताओं ने राजपूत भवन में नंगी तलवारें निकाल कर प्रदर्शन किया। सेना के मुखिया लोकेंद्रसिंह कालवी ने कहा कि यह सांकेतिक प्रदर्शन है। रविवार को जयपुर में करणी सेना के कार्यकर्ता तलवारें लेकर सिनेमाघरों पर उग्र प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्माता-निर्देशक ने फिल्म में जोधा को अकबर की पत्नी दिखाने की गलती नहीं सुधारी तथा माफी नहीं मांगी तो किसी भी सूरत में राजस्थान में फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा। श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष कालवी ने शनिवार को राजपूत सभा भवन में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जोधा बाई बादशाह अकबर की पुत्रवधु थी।
फिल्म जोधा-अकबर में उन्हें पति-पत्नी दिखाया जाना इतिहास से गैर जिम्मेदाराना छेड़छाड़ है। यह भारतीय मान्यताओं और सामाजिक मूल्यों की अवहेलना है। इस विसंगति की सूचना अधिकारिक तौर पर फिल्म के निर्माता-निर्देशक को न्यायालय से दस महीने पूर्व मिल चुकी है, लेकिन उन्होंने सामाजिक व कानूनी सरोकारों को ताक में रख जानबूझ कर विवाद बढ़ाने का दुस्सहस किया है।
इससे इतिहासकारों और विशेषकर राजपूत समाज में रोष व्याप्त है। सेना ने केंद्रीय, राज्य सरकार तथा सेंसर बोर्ड से इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की ँहै। यदि प्रदेश में फिल्म का प्रदर्शन किया तो तोड़फोड़ व किसी भी अप्रिय घटना के लिए वे जिम्मेदार नहीं होंगे।
तलवारें निकाल किया प्रदर्शन
संवाददाता सम्मेलन के बाद राजपूत सभा भवन परिसर में ही करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कालवी की अगुवाई में नंगी तलवारें निकाल प्रदर्शन किया। कालवी ने पत्रकारों को बताया कि यह तो सांकेतिक प्रदर्शन है,रविवार को जयपुर की सड़कों पर करणी सेना तलवारें निकाल फिल्म का विरोध जताएगी। उसके बाद जोधपुर सहित प्रदेश भर में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।