भोपाल. एसडीएम हबीबगंज की कोर्ट में पेश हुआ एक बदमाश शुक्रवार की शाम सिपाहियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। जिला अदालत ने मारपीट के मामले में उसे जेल भेजने के निर्देश दिए थे। आरोपी के खिलाफ की गई प्रतिबंधात्मक धारा (110) के तहत कार्रवाई के लिए उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया था।
पुलिस के मुताबिक कच्ची मार्केट, शक्ति नगर निवासी घनश्याम का मारपीट के मामले में गिरफ्तारी वारंट था। बाग सेवनिया पुलिस उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को जिला अदालत में पेश किया था। उसे सिपाही रंजीत सिंह और अमरपाल अदालत लेकर गए थे। अदालत ने घनश्याम का जेल वारंट बनाया था।
पुलिस द्वारा उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा (110) के तहत भी कार्रवाई की गई थी। जिसके चलते उसे एसडीएम हबीबगंज की सात नंबर स्टाप स्थित कोर्ट में पेश करना था। अदालत के बाद दोनों सिपाही घनश्याम को हथकड़ी लगाकर कोर्ट पहुंचे थे।
यहां उन्होंने अपने बेल्ट से हथकड़ी खोल दी और बातों में लग गए। इस बीच मौका पाकर घनश्याम हथकड़ी समेत वहां से रफूचक्कर हो गया। उसके गायब होने पर दोनों ने तलाश किया, नही मिलने पर अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस रात भर उसकी तलाश करती रही।
शनिवार को हबीबगंज पुलिस ने घनश्याम के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं एसडीएम ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
एसपी ने दोनों सिपाहियों को चौबीस घंटे में घनश्याम को तलाशने के निर्देश दिए हैं। आरोपी के खिलाफ बाग सेवनियां थाना क्षेत्र में मारपीट की वारदात के तीन-चार मामले पहले से ही दर्ज हैं।