HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

न शेयर आए न रिफंड निवेशक परेशान

जयपुर. रिलायंस पावर के निवेशक बड़ी संख्या में बाकी रकम नहीं आने से परेशान हैं। इनमें से कई ऐसे निवेशक है, जिनके न शेयर आए हैं, न ही रिफंड आ रहा है। इश्यू की रजिस्ट्रार कंपनी कार्वी स्टाक ब्रोकिंग के जयपुर स्थित कार्यालय पर रोजाना करीब 100 निवेशक आ रहे हैं। उनका कहना है कि सेबी के नियमों के मुताबिक उनकी रकम 20 दिन में लौट आनी चाहिए, लेकिन बची हुई रकम अभी तक नहीं आई।

ऐसे सभी निवेशकों से उनकी लिखित शिकायत तो ले ली गई है, लेकिन उन्हें एक सप्ताह तक इंतजार करने को कहा जा रहा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से निवेशक परेशान हो रहे हैं। आदर्शनगर निवासी महेश अग्रवाल इसलिए परेशान थे कि उन्हें शेयर आबंटन हो गए थे, लेकिन बाकी रकम नहीं आ रही थी। शेयर भी उनके डीमेट खाते में नहीं दिखा रहे थे।

इसी तरह शास्त्रीनगर निवासी अशोक जैन का कहना था कि उन्होंने 225 शेयरों के लिए आवेदन किया था। उन्हें शेयर भी आबंटन नहीं हुए और रकम भी वापस नहीं आई। आदर्शनगर निवासी रश्मि जैन का कहना था कि उन्हें 16 शेयर तो आबंटित हो गए, लेकिन खाते में नहीं आए। बची हुई रकम भी वापस नहीं आई। रिटेल इन्वेस्टर आर.के. शर्मा भी इन्हीं में से हैं।

इनका कहना है कि 11 फरवरी को बांबे स्टाक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने के समय तक ये शेयर उनके पास नहीं आए तो वे इसे बेच नहीं पाएंगे। ऐसे में उन्हें होने वाले आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी किसकी होगी। इश्यू की रजिस्ट्रार फर्म कार्वी स्टाक ब्रोकिंग के रीजनल मैनेजर एम.बी. माहेश्वरी का कहना था कि सभी निवेशकों के भुगतान के चैक लौटाए जा रहे हैं।

जिन निवेशकों के शेयर्स का आबंटन हुआ है, उन सभी के शेयर सोमवार तक उनके डीमेट खाते में आ जाएंगे। आवेदन फार्म में किसी तरह की कोई कमी पाई गई है या सही डीमेट नंबर नहीं लिखने वाले मामलों में ही देरी हो रही है।

रिलायंस पावर 600 रुपए में सूचीबद्ध होने की संभावना

रिलायंस पावर की मेगा लिस्टिंग होने की संभावना है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक ये शेयर सोमवार को 600 रुपए में सूचीबद्ध हो सकता है। इस पर करीब 40 प्रतिशत मिलने की उम्मीद है। तकनीकी विशेषज्ञ प्रदीप बिसला के अनुसार बाजार को अब रिलायंस से ही सहारा है। इस इश्यू से अनिल अंबानी की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। इसका इश्यू प्राइज 450 रुपए है। इससे अनिल अंबानी के दूसरे इश्यू रिलायंस इन्फ्राटेल की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: