HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

हत्थे चढ़ा चोरों का साथी

अजमेर. कार के कांच तोड़कर टेप रिकॉर्डर और अन्य सामान चोरी करने वाले सांसी गिरोह का एक गुर्गा शनिवार को कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उससे वारदातों में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है। उसकी सूचना पर पुलिस गिरोह के सरगना की तलाश कर रही है।

कोतवाली थाना प्रभारी गोपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि 6 व 7 जनवरी को हाथीभाटा इलाके में शंकर पैलेस होटल के पास खड़ी दो कारों के कांच तोड़ कर टेप रिकार्डर और अन्य सामान चोरी की वारदातें हुई थी। जांच अधिकारी एएसआइ फूलसिंह को मुखबिर से पता चला कि सांसी बस्ती के चार-पांच युवकों का गिरोह स्कॉर्पियो गाड़ी में चोरी की वारदातें कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिसकर्मियों ने शनिवार को कुंदननगर निवासी मनोज पुत्र अशोक यादव को स्कॉर्पियो गाड़ी सहित पकड़ा। मनोज ने सांसी बस्ती के युवकों के साथ वारदातें करना कबूल कर लिया। उसने करीब आधा दर्जन वाहनों से बैटरी, टेप रिकॉर्डर और अन्य सामान की चोरी कबूल की। वारदातों में लिप्त चार युवकों के नाम भी उसने उगले हैं। आरोपियों की तलाश में सांसी बस्ती और अन्य संभावित जगहों पर दबिश दी गई है।

शराब तस्करी भी

पुलिस के अनुसार मनोज यादव सांसी बस्ती में शराब तस्करों के साथ लंबे समय तक लिप्त रहा था। वह कार, जीप और अन्य वाहनों में तस्करी की शराब परिवहन करता था। करीब छह महीने से वह सांसी बस्ती के युवकों के साथ चोरी की वारदातों में लिप्त है।

शातिराना तरीका

जांच अधिकारी फूलसिंह ने बताया कि चोर गिरोह स्कॉर्पियो में सवार होकर रात को वारदात करता था। मनोज ड्राइविंग करता था। पूछताछ में उसने बताया कि कार के पास सटाकर वह स्कॉर्पियो खड़ी करता था। उसके बाद वे लोग पत्थर या सरिए से कार के कांच तोड़ कर टेप या अन्य सामान आसानी से निकाल कर चंपत हो जाते थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: