अजमेर. श्रीलंकाई राजनेता वरदराजा पेरूमल की लाडली कनक की शनिवार को प्रमुख व्यवसायी महेश अग्रवाल के पुत्र मनोज के साथ सगाई हो गई। शादी रविवार को होगी। सगाई के दौरान कड़ी सुरक्षा की गई थी।
आनासागर झील से सटे मेरवाड़ा एस्टेट के भव्य समारोह स्थल पर शनिवार की शाम मंत्रोच्चरण के बीच हिंदू धार्मिक रस्मों-रिवाज से कनक और मनोज अग्रवाल की सगाई की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर दोनों ही परिवारों के नजदीकी और रिश्तेदार ही मौजूद थे। रविवार को प्रेमी युगल सात फेरे लेंगे और रात को विदाई होगी।
मेहमानों के रूप में होगी पुलिस
पेरूमल की लाडली की शादी के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रविवार को होने वाले विवाह समारोह में एहतियातन करीब 250 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसमें से 170 जवान बिना वर्दी में मेहमानों के रूप में होंगे। इसके अलावा 80 पुलिसकर्मी वर्दी में तैनात रहेंगे।
रिश्तेदारों को भी हुई परेशानी : सगाई के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, इससे वर पक्ष के रिश्तेदारों को भी धक्के खाने पड़े। खुफिया विभाग ने किसी भी व्यक्ति को बिना जांच के समारोह स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया। डीएफएम दरवाजे से गुजरने के अलावा हैंड मैटल डिटेक्टर से भी छानबीन से दो-चार होना पड़ा।