HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

बैलेट पेपर पर अब फोटो भी

अजमेर.dargah अंजुमन चुनाव में लंबे अरसे के बाद पहली बार गुप्त मतदान की व्यवस्था लागू होगी। चुनाव में वोटर की सुविधा के लिए बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों के नाम और फोटो भी प्रकाशित होंगे। इसके अलावा बूथों की संख्या भी 15 होगी। ये सभी फैसले शनिवार को आयोजित उम्मीदवारों की बैठक में लिए गए।

निर्वाचन अधिकारी किशन गुर्जर ने सदस्यों को बताया कि चुनाव अब उम्मीदवारों के नाम के वर्णमाला अक्षर के आधार पर ही कराए जाएंगे। मतपत्र पर प्रत्येक उम्मीदवार का नाम अंग्रेजी के वर्णमाला के बढ़ते क्रम में प्रकाशित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बैलेट पेपर में प्रत्याशी का नाम अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू तीनों भाषाओं में प्रकाशित कराया जाएगा।

अदालत के फैसले के मुताबिक चुनाव कराने के लिए आयोजित बैठक में सदर सैयद गुलाम किबरिया खेमा, पूर्व सचिव सैयद वाहिद अंगारा गुट और तीसरे मोर्चे के सभी 53 उम्मीदवारों ने शिरकत की।

मतदाताओं को परेशानी

बैठक में किबरिया व वाहिद खेमे के कुछ सदस्यों ने आशंका जताई कि अंजुमन के बायलॉज के मुताबिक एक मतदाता को 21 उम्मीदवारों को वोट देना होता है। इस हिसाब से 1703 मतदाताओं को लगभग 35 हजार 763 बार मोहर लगानी होगी। ऐसे में मतपत्र पर केवल नाम रहेगा तो मतदाता को भी परेशानी होगी और समय भी अधिक लगेगा।

दो विकल्प..

इस समस्या के समाधान के लिए दो विकल्प सामने आए। पहला यह था कि उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न् आवंटित किए जाएं और दूसरे उम्मीदवारों का फोटो ही उनके नाम के आगे प्रकाशित करवा दिया जाए। इस पर 33 सदस्यों ने फोटो प्रकाशित कराने पर राय दी और तीसरे मोर्चे के 11 सदस्यों ने विरोध में वोट दिया। गुर्जर ने बहुमत के आधार पर बैलेट पेपर पर उम्मीदवार की फोटो प्रकाशित कराने का फैसला किया।

अब 15 बूथ

गुर्जर ने कहा कि अब तक बूथों की संख्या केवल 5 होती थी, इसे बढ़ा कर अब 15 की जाएगी। पोलिंग एजेंट के रूप में केवल 6 लोगों को मान्यता मिलेगी। पहले यह संख्या बहुत अधिक होती थी। कम पढ़े लिखे लोगों के लिए अलग से बूथ स्थापित किया जाएगा। अदालत द्वारा नियुक्त अभिभाषक ओमप्रकाश बंसल को किसी सहायक की आवश्यकता हुई तो वह भी उपलब्ध कराई जाएगी।

पार्टियां खत्म

अंजुमन चुनाव में अब 1 से 21 और 22 से 42 पार्टियां खत्म हो गई हैं। मतदाता उम्मीदवार का नाम और फोटो देख कर वोट देगा। पूर्व में हुए चुनावों में मतदाता पार्टी 1 से 21 और 22 से 42 के अंकों पर वोट देता था।

फोटो जमा कराए

बैलट पेपर पर फोटो प्रकाशित करने की व्यवस्था लागू होने के निर्णय के बाद निर्वाचन अधिकारी किशन गुर्जर ने उम्मीदवारों से उनके फोटे मांगे हैं। मौके पर मौजूद अनेक उम्मीदवारों ने अपने फोटो गुर्जर को दे दिए, शेष रविवार को शाम पांच बजे तक उपलब्ध करा सकेंगे।

मतदान सुबह 8 बजे से

किशन गुर्जर ने बताया कि 17 फरवरी सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान किया जा सकेगा। परिस्थितियों की मांग पर आवश्यकतानुसार समय बढ़ाया जा सकेगा।

..ताकि नहीं हों मतभेद

अंजुमन सैयदजादगान के सचिव सैयद मोईन हुसैन चिश्ती ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हों और कौम में मतभेद न हो, इसे देखते हुए अदालत के आदेश पर नई व्यवस्था अपनाई गई है। पहली बार बैलट पेपर में दलों की जगह उम्मीदवारों के नाम वर्णमाला के आधार पर होंगे और फोटो प्रकाशित होंगे। कौम के सब लोगों की राजी में अंजुमन की राजी है। इसीलिए अदालत के फैसले के खिलाफ आगे अपील नहीं की गई।

दो वोटर के नाम बढ़े

अंजुमन की मतदाता सूची में अब 1703 मतदाताओं के नाम प्रकाशित हुए हैं। 2004 में हुए चुनाव में वोट डालने वाले दो मतदाताओं के नाम नई मतदाता सूची में प्रकाशित नहीं हो सके थे। इसमें अब सुधार कर लिया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: