इंदौर.
एयरपोर्ट रोड को फोरलेन के बाद सिक्सलेन बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जल्दी ही शासन से इसकी स्वीकृति लेगा। पश्चिमी रिंगरोड और सुपर कॉरिडोर का निर्माण भी 31 मार्च तक शुरू कर दिया जाएगा।
ये निर्देश पीडब्ल्यूडी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को शहर के विकास कार्यो की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में कलेक्टर विवेक अग्रवाल ने कहा बायपास को बायपास ही बनाए रखना है तो सर्विस लेन, जंक्शन पर ओवरब्रिज और ड्रेनेज लाइन प्राथमिकता से डालना होगी।
बायपास पर दोनों ओर 14 मीटर कैचमेंट एरिया में जमीन मालिक निर्माण नहीं कर सकते। हम कॉलोनाइजरों और टाउनशिप निर्माताओं की बैठक बुलाकर सर्विस लेन के लिए यह जमीन लेने की सहमति बना सकते हैं। मंत्री ने कहा पहले एस्टीमेट बनवाएं और वित्तीय स्थिति देखें तब प्रोजेक्ट का काम हाथ में लें।
बिचौली जंक्शन पर ओवरब्रिज
कलेक्टर ने मंत्री से कहा बायपास के बिचौली जंक्शन पर ओवरब्रिज बनाया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी प्राधिकरण को सौंपी गई।
चार नए ओवरब्रिज के लिए सर्वे
प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा ने बताया हम एमआर-10 पर विजयनगर व मालवीय पेट्रोल पंप चौराहा और रिंगरोड पर बंगाली व आसाराम बापू चौराहा पर ओवरब्रिज बनाना चाहते हैं। इनका फिजिबिलिटी सर्वे जल्दी ही कराएंगे।