News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर. बिजली विभाग के नए शगुफे की मार उपभोक्ताओं को उठानी पड़ रही है। उपभोक्ताओं में नियमों के खिलाफ लगाए जा रहे मीटरों के चलते खासी नाराजगी है। शनिवार को देवीपुरा रोड क्षेत्र के सैकड़ों बिजली उपभोक्ता सड़क पर उतर आए और उन्होंने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने शनिवार को ही ‘मीटर का खेल, उपभोक्ता हुआ फेल’ शीर्षक से खास खबर प्रकाशित की थी। उपभोक्ताओं की मांग है कि ठेकेदार कार्यप्रणाली सुधारे तथा मीटर को सुरक्षित स्थान पर लगाए।
उधर, ठेकेदार के मजदूरों ने कुछ उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट डाले। इससे उपभोक्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया। जानकारी मिलते ही ठेकेदार व निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों को घेर लिया और मीटरों की सुरक्षा की मांग की।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बच्चे आसानी से हाथ लगा सकते हैं, ये स्थिति बेहद खतरनाक है। उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के दफ्तर पहुंचकर वहां भी आक्रोश जताया। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से मीटर की सुरक्षा की मांग की और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया।
उपभोक्ताओं ने ठेकेदार व बिजली निगम के अधिकारियों पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया। सैकड़ों उपभोक्ता पार्षद सजाउद्दीन चौहान, पूर्व पार्षद रामदेव सैनी के नेतृत्व में एईएन से मिले।