आबूरोड (सिरोही). मध्यप्रदेश के राज्यपाल बलराम जाखड़ के वायुयान में शनिवार को तहसीलदार, दो पुलिसवालों व दो कर्मचारियों ने उदयपुर का सैर-सपाटा किया। फ्यूल खत्म होने पर राज्यपाल के विमान को पेट्रोल के लिए उदयपुर जाना था। तहसीलदार व पुलिसवालों का दिल भी विमान में सैर करने को मचल गया और वे भी साथ हो लिए।
हालांकि जिला कलेक्टर इस प्रकरण पर अनभिज्ञता जता रहे हैं, जबकि तहसीलदार का कहना है कि कलेक्टर ने विमानचालक के साथ उनकी ड्यूटी लगाई थी। इस घटना को अतिविशिष्ट व्यक्ति की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बताया जा रहा है। ब्रrाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय महासम्मेलन में शामिल होने के लिए जाखड़ वायुयान से शनिवार सुबह 9:40 बजे आबूरोड हवाई पट्टी पर पहुंचे। स्वागत के बाद वे कार से 10 बजे शांतिवन के लिए रवाना हो गए।
खाली विमान को उदयपुर जाते देख हेलीपैड पर मौजूद तहसीलदार नाथूसिंह, पुलिसकर्मी प्रमोद चौधरी व दिलीप कुमार के अलावा दो अन्य कर्मचारी इसमें सवार हो गए। करीब एक घंटे बाद वायुयान आबूरोड लौट आया।
विमान उदयपुर फ्यूल भराने तो गया था, मगर उसमें तहसीलदार या कोई कर्मचारी गया। मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
-सिद्वार्थ महाजन, जिला कलेक्टर, सिरोही
जिला कलेक्टर ने मेरी डयूटी एयरक्रू के साथ लगाई थी। विमान रीफिलिंग के लिए उदयपुर गया था, तब में भी दो पुलिसवालों के साथ विमान में चला गया।
-नाथूसिंह, तहसीलदार