सिवानी मंडी. न्यायिक दंडाधिकारी राजीव गोयल की अदालत में डकैती व अपहरण के मामले में अग्रिम जमानत के ऑर्डर लेकर आए दो भाइयों को शिकायतकर्ताओं ने कोर्ट परिसर में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। करीब आधा घंटा चले इस हंगामे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामान्य अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां गंभीर हालत के चलते भिवानी रेफर कर दिया गया। शहर पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दो वर्ष पूर्व बुद्धशैली निवासी बलवान ने गांव के ही प्रेम व कृष्ण के खिलाफ अपहरण व डकैती का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ न्यायिक दंडाधिकारी राजीव गोयल की अदालत में याचिका दायर की थी।
आरोपी प्रेम व कृष्ण जिला एवं सत्र न्यायाधीश से अग्रिम जमानत के ऑर्डर लेकर शनिवार को यहां अदालत में पेश हुए। इसी बीच बलवान अपने चार अन्य साथियों के साथ तहसील परिसर पहुंचा तथा कोर्ट के बाहर बैठ प्रेम व कृष्ण पर हमला बोल दिया। प्रेम भागने में सफल रहा पर कृष्ण उनके हत्थे चढ़ गया। हमलावरों ने कृष्ण को बेरहमी से पीटा और फरार हो गए।
थाना प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि कृष्ण के बयान के आधार पर बुद्धशैली निवासी बलवान सिंह, विजय कुमार, जयपाल, किरण व गोलू के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया गया है।