कुरुक्षेत्र-इस्माइलाबाद. तांगरी नदी में गांव ओझा के निकट मांस के लोथड़ों से भरे पैकेट मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि इन पालीथिन के थैलों में मानव
भ्रूण बंद कर नदी में फेंके गए होंगे। सूचना पर पंजाब पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने मौके का मुआयना कर नमूने एकत्रित किए। इन थैलों में इस्माइलाबाद के एक क्लीनिक से संबंधित पर्चियां मिली हैं। जिससे वह क्लीनिक भी शक के घेरे में आ गया है। गांव ओझा के लोगों ने सुबह टांगरी नदी में कई पालीथिन के पैकेट तैरते हुए देखे। कुछ पैकेट किनारों पर भी पड़े थे।
इनमें खून सनी रुई, मांस के लोथड़े व नमक भरा हुआ था। सूचना मिलने पर थाना जुल्कां, पटियाला की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस ने इस बारे स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित किया। दूदन से डा. सतनाम, डा. अमरजीत व डा. खन्ना की टीम वहां पहुंची और इन थैलों से नमूने एकत्रित कर चली गई।
आसपास के लोगों का कहना है कि इन थैलों में मानव भ्रूण बंद कर फेंके गए थे। यहां जब बदबू उठी तो लोगों का ध्यान इस और गया। संभव है कि यह पैकेट कुछ दिन पूर्व यहां फेंके गए होंगे।
इस बीच कुतों व दूसरे जानवरों ने भी कुछ पैकेटों को उधेड दिया। एसएचओ हरभजन सिंह का कहना है कि इन थैलों में मेडीकल वेस्ट फेंका गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इस्माइलाबाद स्थित जिस क्लीनिक की पर्चियां मिली हैं उसके डाक्टर से संपर्क नहीं हो सका था।